भारत बंगलादेश के साथ चाहता है ‘सकारात्मक और भविष्योन्मुखी’ संबंध, हसीना के प्रत्यर्पण को बताया कानूनी मामला

नई दिल्ली, (वार्ता) भारत ने शुक्रवार को दोहराया कि वह बंगलादेश के साथ सकारात्मक, रचनात्मक और भविष्योन्मुखी संबंधों का पक्षधर है, हालांकि उसने बीबीसी बांग्ला की उस रिपोर्ट पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया, जिसमें दावा किया गया था कि भारत ने इस वर्ष दिसंबर में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी के लिए दो शर्तें रखी हैं।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को नई दिल्ली में साप्ताहिक प्रेस वार्ता के दौरान स्पष्ट किया कि सुश्री हसीना के प्रत्यर्पण का विषय एक कानूनी मामला है और इससे उसी के अनुरूप निपटा जाएगा।

उन्होंने उस रिपोर्ट पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, जिसमें कहा गया था कि भारत चाहता है कि ढाका हसीना को वापस ले जाने के लिए सैन्य विमान भेजे तथा उन्हें निष्पक्ष सुनवाई और अपना पक्ष रखने का अवसर मिलने का आश्वासन दे।

दोनों देशों के बीच होने वाली पांचवीं कांसुलर वार्ता के स्थगन पर श्री जायसवाल ने कहा कि अगला दौर पारस्परिक रूप से सुविधाजनक तिथि पर आयोजित किया जाएगा और इसमें संशोधित यात्रा व्यवस्थाओं पर चर्चा शामिल होगी। उन्होंने कहा कि भारत व्यापार, रेलवे और जल संसाधन सहित स्थापित द्विपक्षीय तंत्रों के माध्यम से सभी लंबित मुद्दों पर बातचीत के लिए तैयार है। उल्लेखनीय है कि यह वार्ता इस महीने ढाका में प्रस्तावित थी, जिसे फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।

इस बीच, बंगलादेश में सत्तारूढ़ बंगलादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने जोर देकर कहा है कि सुश्री हसीना को सामान्य यात्रा व्यवस्था के बजाय दोनों देशों के बीच मौजूद प्रत्यर्पण संधि के तहत ही वापस लाया जाना चाहिए। अगस्त 2024 से भारत में रह रहीं सुश्री हसीना ने नौ नवंबर को अपने लंदन स्थित कानूनी प्रतिनिधियों के माध्यम से नई दिल्ली स्थित बंगलादेश उच्चायोग में नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र (एनआईडी) के लिए आवेदन किया है।

बीएनपी के कार्यवाहक महासचिव रुहुल कबीर रिजवी ने कहा कि सुश्री हसीना के खिलाफ दर्ज गंभीर आपराधिक मामलों और सजा को देखते हुए उनकी वापसी को सामान्य घरवापसी नहीं माना जा सकता। उन्होंने कहा कि प्रत्यर्पण ही एकमात्र विकल्प है और उन्हें न्यायिक कार्यवाही का सामना करना चाहिए। इससे पहले, बंगलादेश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने भी प्रतिबंधित अवामी लीग की तुलना द्वितीय विश्व युद्ध के बाद जर्मनी की नाजी पार्टी से करते हुए कहा था कि वह कभी सत्ता में वापस नहीं लौट पाएगी।

 

Next Post

पुलिस की सख्ती के बाद ढाका में चीनी व्लॉगर्स ने बंद की शूटिंग, भारत ने दुष्प्रचार अभियान को बताया 'दुर्भाग्यपूर्ण'

Sat Nov 14 , 2026
ढाका, (वार्ता) बंगलादेश की कानून लागू करने वाली एजेंसियों की ओर से निगरानी बढ़ाए जाने के बाद राजधानी ढाका, विशेषकर उत्तरा क्षेत्र में वीडियो बनाने और लाइवस्ट्रीमिंग करने वाले 150 से अधिक चीनी नागरिकों ने अपनी गतिविधियां रहस्यमय ढंग से रोक दी हैं। आरोप है कि इनमें से कुछ चीनी […]

You May Like