बंगाल : भाई फोटा मनाकर लौट रही महिला और उसकी 12 वर्षीय बेटी की ट्रेन की चपेट में आने से मौत

बर्धमान, (वार्ता) पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले में शुक्रवार को भाई फोटा का त्योहार मनाकर घर लौट रही एक महिला और उसकी 12 वर्षीय बेटी की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई।

यह हादसा सुबह पूर्व रेलवे के बर्धमान-आसनसोल खंड पर खाना जंक्शन के प्लेटफॉर्म के पास हुआ। मृतकों की पहचान पूर्व बर्धमान के कटवा स्थित मंगलकोट थाना क्षेत्र के कृष्णबती गांव निवासी पूजा दास (30) और उनकी बेटी पल्लवी (12) के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, पूजा अपने भाई के साथ भाई फोटा मनाने के लिए बेटी के साथ गलसी थाना क्षेत्र के खाना गांव स्थित अपने मायके गई थीं। यह गांव रेलवे स्टेशन के काफी करीब स्थित है। शुक्रवार सुबह दोनों पूजा की ससुराल लौट6 रही थीं, तभी प्लेटफॉर्म के पास रेल पटरी पार करते समय डाउन आसनसोल-सियालदह इंटरसिटी एक्सप्रेस की चपेट में आ गईं। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलने पर बर्धमान राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के कर्मियों ने शवों को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचित किया। बाद में रिश्तेदारों ने शवों की शिनाख्त की। शवों को पोस्टमार्टम के लिए बर्धमान मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के पुलिस मुर्दाघर भेज दिया गया है। मां-बेटी की मौत से गांव के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई है।

 

Next Post

भारत बंगलादेश के साथ चाहता है 'सकारात्मक और भविष्योन्मुखी' संबंध, हसीना के प्रत्यर्पण को बताया कानूनी मामला

Sat Nov 14 , 2026
नई दिल्ली, (वार्ता) भारत ने शुक्रवार को दोहराया कि वह बंगलादेश के साथ सकारात्मक, रचनात्मक और भविष्योन्मुखी संबंधों का पक्षधर है, हालांकि उसने बीबीसी बांग्ला की उस रिपोर्ट पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया, जिसमें दावा किया गया था कि भारत ने इस वर्ष दिसंबर में पूर्व प्रधानमंत्री शेख […]

You May Like