
भोपाल। टीलाजमालपुरा और आसपास के क्षेत्रों में डबल पेयजल कनेक्शन और दोहरे बिल की शिकायतों पर नगर निगम 1300 से अधिक कनेक्शनों की जांच करेगा. शुक्रवार को गीतांजलि वार्ड-13 में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत आयोजित जनकल्याण शिविर में रहवासियों ने यह समस्या उठाई. इस पर महापौर मालती राय ने राजस्व विभाग और पेयजल शाखा के अधिकारियों को संयुक्त रूप से कनेक्शनों का परीक्षण कर बिलिंग संबंधी गड़बडिय़ां दूर करने के निर्देश दिए. उन्होंने शिकायतों का उसी दिन निराकरण सुनिश्चित करने को कहा.
भोपाल को नंबर-वन बनाने के लिए मिशन मोड में काम करें विभाग. शिविर में सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि भोपाल को देश की नंबर-वन राजधानी और स्वच्छता में राष्ट्रीय स्तर पर पहले स्थान पर लाने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ काम करें. उन्होंने बड़े तालाब के संरक्षण, भोज वेटलैंड प्राधिकरण के गठन और जैव विविधता सुरक्षित रखने पर भी जोर दिया. शिविर में 100 से अधिक युवाओं को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत ऋण उपलब्ध कराया गया.
– सफाई व्यवस्था का जायजा लिया
शिविर के बाद महापौर, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा और निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने क्षेत्र की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया. शासकीय माध्यमिक विद्यालय और आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण भी किया. कलेक्टर ने आरोग्य मंदिर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त योग केंद्र विकसित करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए.
