जिले में 6 लाख 90 हजार 782 मतदाता दर्ज

शाजापुर, विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027 के तहत फोटो निर्वाचक नामावली के प्रारूप प्रकाशन को लेकर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. परिक्षित संजयराव झाड़े की अध्यक्षता में गत दिवस मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित हुई.

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. परिक्षित संजयराव झाड़े ने बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचक नामावलियों के प्रारूप प्रकाशन किए जाने की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि आमजन फोटो निर्वाचक नामावली का अवलोकन मतदान केन्द्र पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण ऑफिस, अन्य अभिहित स्थलों पर कर सकते हैं तथा उनका नाम होने की पुष्टि भी कर सकते हैं. निर्वाचक नामावली मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की वेबसाइट पर सर्च सुविधा के साथ उपलब्ध है. कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि शाजापुर जिले के अंतर्गत आने वाली विधानसभा क्षेत्रों में कुल प्रारूप प्रकाशन के तहत 12 नवंबर के समय 6 लाख 90 हजार 782 मतदाता दर्ज हुए हैं. जिले का जेण्डर रेशो 932 एवं ईपी रेशो 60.57 वर्तमान में दर्ज है. अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी 2026 की स्थिति में 6 लाख 84 हजार 387 मतदाता थे. दावे-आपत्ति के निराकरण उपरांत जिले में कुल 6395 मतदाताओं के नाम की बढ़ोतरी हुई है.

जिला निर्वाचन कार्यालय को नियुक्ति पत्र भेजें

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जिले के ईपी रेशो एवं जेण्डर रेशो की स्थिति बढ़ाने के लिए राजनैतिक दलों से अपील की है कि वे सहयोग प्रदान करें एवं बीएलए को बीएलओ के साथ मतदान केन्द्र पर कैम्प तिथि पर उपस्थित रहने के लिए पांबद करें. ऐसे मतदान केन्द्र जिन पर बूथ लेवल एजेंट की नियुक्ति नियत प्रारूप में नहीं की जाकर सूचना दी गई है, उन पर नियुक्ति कर जिला निर्वाचन कार्यालय को नियुक्ति पत्र भेजें. शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालय के प्राचार्य से नवीन मतदाता के नाम जोडऩे की कार्यवाही पूर्ण कराने एवं प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए उप जिला निर्वाचन अधिकारी को निर्देशित किया गया.

तो बीएलओ से संपर्क करें

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आयोग के निर्धारित दस्तावेजों में से दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने की स्थिति में यदि किसी मतदाता का नाम सूची से विलोपित हुआ है, ऐसे मतदाता का नाम फॉर्म 6 लिया जाकर जोडऩे की कार्यवाही के तहत बीएलओ से संपर्क कर आवेदन पत्र कर सकते हैं. कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 12 नवम्बर 2026 से 11 दिसम्बर 2026 तक बीएलओ मतदान केन्द्र पर उपलब्ध रहेंगे.

विशेष शिविर लगाए जाएंगे…

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश भोपाल द्वारा जारी कार्यक्रम अनुसार फोटो निर्वाचक नामावली 327 का प्रारूप प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को किए जाने के उपरांत दावे और आपतियों को दर्ज करने की अवधि 12 नवम्बर से 11 दिसम्बर 2026 तक है. इसके साथ ही 21 नवम्बर 2026 , 22 नवम्बर 2026, 5 दिसम्बर 2026 एवं 6 दिसम्बर 2026 को विशेष शिविर लगाए जाएंगे. 28 दिसम्बर 2026 को दावे और आपत्तियों का निराकरण किए जाने के उपरांत 4 जनवरी 2027 को फोटो निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा. बैठक में सभी उपस्थित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को इसकी जानकारी दी गई.

Next Post

लहसुन 50 हजार रुपए प्रति क्विंटल बिका

Fri Nov 13 , 2026
शुजालपुर, दीपोत्सव अवकाश के बाद शुक्रवार को कृषि उपज मंडी समिति द्वारा संचालित शुजालपुर सिटी स्थित थोक लहसुन-प्याज मंडी में मुहूर्त के सौदों के साथ कारोबार की शुरुआत हुई. मुहूर्त के सौदों में दरबार ट्रेडर्स ने रायकनपुरा के किसान महेश का लहसुन 50 हजार रुपए प्रति क्विंटल के भाव से […]

You May Like