रामपुरा में 2800 मेगावाट के परमाणु बिजलीघर की कवायद तेज, सांसद सुधीर गुप्ता ने एनटीपीसी अधिकारियों के साथ की बैठक

नीमच। जिले के रामपुरा क्षेत्र में प्रस्तावित 2800 मेगावाट क्षमता के परमाणु बिजलीघर को लेकर प्रारंभिक गतिविधियां तेज होती नजर आ रही हैं। मनासा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बस्सी में प्रस्तावित इस परियोजना को लेकर शुक्रवार को एनटीपीसी मुंबई के अधिकारियों की टीम पहुंची। सांसद सुधीर गुप्ता ने सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर परियोजना की वर्तमान स्थिति, तकनीकी संभावनाओं और आगे की कार्ययोजना पर चर्चा की। बैठक के बाद सांसद अधिकारियों के साथ ग्राम बस्सी पहुंचे और प्रस्तावित परियोजना स्थल का निरीक्षण किया।

बैठक में सांसद गुप्ता ने परियोजना से जुड़े तकनीकी और अन्य आवश्यक पहलुओं का गंभीरता से अध्ययन करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से अब तक हुई प्रक्रिया और आगामी चरणों की जानकारी ली। इसके बाद बस्सी में स्थल की परिस्थितियों का जायजा लिया और स्थानीय रहवासियों से मुलाकात कर उनकी राय एवं सुझाव जाने।

700 मेगावाट की चार इकाइयां लगाने की परिकल्पना

ग्राम बस्सी में प्रस्तावित परियोजना एनटीपीसी परमाणु ऊर्जा निगम लिमिटेड (एनपीयूएनएल) से संबंधित है। योजना के अनुसार यहां 700-700 मेगावाट क्षमता की चार इकाइयां स्थापित कर कुल 2800 मेगावाट बिजली उत्पादन की परिकल्पना की गई है।

परियोजना की प्रारंभिक प्रक्रिया के तहत नीमच जिला प्रशासन ने 2 नवंबर 2026 को सामाजिक प्रभाव आकलन के लिए निविदाएं आमंत्रित की हैं। यह प्रक्रिया प्रस्तावित परियोजना के सामाजिक प्रभावों का अध्ययन करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

रोजगार और औद्योगिक गतिविधियों की संभावनाएं

सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि रामपुरा क्षेत्र में प्रस्तावित परमाणु ऊर्जा परियोजना साकार होती है तो इससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिल सकता है। साथ ही रोजगार के नए अवसर और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलने की संभावनाएं बनेंगी।

उन्होंने परियोजना से जुड़े सभी पहलुओं पर संबंधित अधिकारियों के साथ निरंतर चर्चा और समन्वय बनाए रखने की बात कही।

Next Post

दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में 20 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत

Fri Nov 13 , 2026
नीमच। जिले के सरवानिया महाराज चौकी क्षेत्र में बांगरेड और लासूर के बीच दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बांगरेड निवासी 20 वर्षीय कुलदीप पिता मुकेश लोहार की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। जानकारी के अनुसार, कल शाम करीब […]

You May Like