
नीमच। जिले के सरवानिया महाराज चौकी क्षेत्र में बांगरेड और लासूर के बीच दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बांगरेड निवासी 20 वर्षीय कुलदीप पिता मुकेश लोहार की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, कल शाम करीब 6 बजे कुलदीप अपनी मां के साथ मामा से मिलकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कुलदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मृतक कुलदीप के पिता मुकेश लोहार सीआरपीएफ में पदस्थ हैं और वर्तमान में दिल्ली में तैनात हैं। बेटे के साथ हुए हादसे की सूचना मिलते ही वे दिल्ली से नीमच पहुंचे। इधर, जवान बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव का नीमच जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
