नीमच नपा के विशेष सम्मेलन में 24 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित, 9.57 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी

नीमच। नगर पालिका परिषद के विशेष सम्मेलन में शुक्रवार को शहर के विकास और जनसुविधाओं से जुड़े सभी 24 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। बैठक में करीब 2.78 करोड़ रुपए की लागत से नमो पार्क, 1.97 करोड़ रुपए से लायंस पार्क का सौंदर्यीकरण, 1.82 करोड़ रुपए से टैगोर मार्ग पर भूमिगत प्रकाश व्यवस्था तथा करीब 3 करोड़ रुपए की लागत से नवीन परिषद हॉल निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण कार्यों को स्वीकृति दी गई। विकास कार्यों को लेकर परिषद में सहमति बनी, लेकिन चर्चा के दौरान पानी चोरी, अवैध कॉलोनियों, नगरपालिका की जमीनों पर कब्जों और अधूरे निर्माण कार्यों को लेकर विपक्ष ने तीखे सवाल उठाए।

पानी चोरी और जल संकट की आशंका पर चिंता

नेता प्रतिपक्ष योगेश प्रजापति ने हर्कियाखाल डेम से अवैध मोटरों के माध्यम से पानी चोरी कर सिंचाई किए जाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि नगरपालिका कार्रवाई के दावे तो करती है, लेकिन कुछ दिनों बाद फिर वही स्थिति बन जाती है। अल्पवर्षा को देखते हुए आने वाले समय में जल संकट की आशंका है। ऐसे में पानी की चोरी रोकने के लिए प्रभावी और निरंतर कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने पिछले चार वर्षों में पानी की टंकियों का निर्माण नहीं होने और शहर में कई स्थानों पर सडक़ निर्माण कार्य अधूरे पड़े रहने को लेकर भी सवाल उठाए।

51 अवैध कॉलोनियों में विकास के लिए 52 करोड़ की जरूरत

अवैध कॉलोनियों के मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कॉलोनाइजरों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय आम नागरिकों पर विकास शुल्क का बोझ डाला जा रहा है। इस पर नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा ने बताया कि शहर की 51 अवैध कॉलोनियों में आवश्यक विकास कार्य कराने के लिए करीब 51 से 52 करोड़ रुपए की आवश्यकता है। शासन के नियमों के अनुसार प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। संबंधित कॉलोनाइजरों के विरुद्ध पुलिस को रिपोर्ट भी भेजी गई है।

जीते हुए मुकदमों के बाद भी जमीनों पर कब्जे क्यों?

बैठक में नगरपालिका की उन संपत्तियों का मुद्दा भी उठा, जिनके मामलों में परिषद न्यायालय से जीत हासिल कर चुकी है, लेकिन इसके बावजूद जमीनों का वास्तविक आधिपत्य नहीं लिया गया है। पार्षद किरण शर्मा सहित अन्य पार्षदों ने ऐसी संपत्तियों को कब्जे में लेकर उनका उपयोग सुनिश्चित करने की मांग की। पार्षद शशि कल्याणी ने स्कीम नंबर 18 के भूखंड क्रमांक 9 और 15 पर कथित अवैध कब्जों का मामला उठाया।

इस पर अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा ने अधिकारियों को नगरपालिका की जमीनों पर अवैध खेती और मोटर संचालन के विरुद्ध तीन दिन के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

खेल मैदान, पार्किंग और ट्रांसफार्मर पर भी चर्चा

सम्मेलन में जीवाजीराव छात्रावास मैदान पर खेल मैदान विकसित करने, शहर में पार्किंग व्यवस्था बेहतर बनाने तथा सार्वजनिक स्थानों पर ट्रांसफार्मर लगाए जाने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। इन मुद्दों को शहर की आवश्यकताओं और नागरिक सुविधाओं से जोडक़र देखा गया।

बैठक में एक ओर करोड़ों रुपए के विकास कार्यों को मंजूरी मिली, वहीं दूसरी ओर विपक्ष ने उन बुनियादी समस्याओं को सामने रखा, जिनका समाधान लंबे समय से अपेक्षित है। अब परिषद के सामने स्वीकृत कार्यों को समयसीमा में पूरा कराने के साथ जल प्रबंधन, अवैध कॉलोनियों और नगरपालिका की संपत्तियों को अतिक्रमण से मुक्त कराने की चुनौती रहेगी।

Next Post

बिना परमिट चल रही बस जप्त

Fri Nov 13 , 2026
रीवा, रीवा परिवहन विभाग द्वारा यात्री बसों में किराया सूची की जांच की गई. जिसमें मुख्य रूप से नये बस स्टैंड रीवा पर पीटीएस चौक से आने-जाने वाली बसों की जांच की गई. जांच के दौरान बसों के परमिट, फिटनेस, बीमा इत्यादि की जांच के साथ यात्रियों को निर्धारित स्थान […]

You May Like