18 नवंबर को गांधी सागर में होने वाली कैबिनेट बैठक की तैयारियों का कमिश्नर और एडीजी ने लिया जायजा

मंदसौर। गांधी सागर में आगामी 18 नवंबर को आयोजित होने वाली मध्यप्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में शुक्रवार को उज्जैन संभागायुक्त आशीष सिंह एवं उज्जैन एडीजी राकेश गुप्ता गांधी सागर पहुंचे और आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर दिव्यांक सिंह, गरोठ विधायक चंदरसिंह सिसोदिया, जिला योजना समिति सदस्य राजेश दीक्षित, जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार, उपाध्यक्ष मनुप्रिया विनीत यादव, नीमच कलेक्टर हिमांशु चंद्र, रतलाम रेंज डीआईजी निमिष अग्रवाल, मंदसौर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना, नीमच जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन, एसडीएम राहुल चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

संभागायुक्त आशीष सिंह एवं एडीजी राकेश गुप्ता ने हिंगलाजगढ़ रिजॉर्ट और टेंट सिटी पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान मंत्रिमंडल की बैठक के लिए प्रस्तावित व्यवस्था, मीटिंग हॉल, प्रेस वार्ता कक्ष, अतिथियों के ठहरने की व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों की जानकारी ली। इसके बाद अधिकारियों ने हेलीपैड का निरीक्षण कर वीआईपी आगमन और आवागमन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आयोजन स्थल पर पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने आयोजन की तैयारियों से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए बताया कि अलग-अलग विभागों को जिम्मेदारियां सौंपकर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

संभागायुक्त आशीष सिंह ने वीआईपी आगमन के दौरान की जाने वाली व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। वहीं एडीजी राकेश गुप्ता ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अन्य पुलिस इंतजामों की समीक्षा करते हुए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने स्थानीय प्रशासन के साथ बैठक कर कैबिनेट आयोजन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की और समय-सीमा में सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। गांधी सागर में होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक को लेकर प्रशासनिक और पुलिस अमला आयोजन को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने में जुटा हुआ है।

Next Post

कार के सामने अचानक आया रोजड़ा, टक्कर से कार चकनाचूर 

Fri Nov 13 , 2026
पिपलिया स्टेशन। क्षेत्र में नीलगाय (रोजड़ों) का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार दोपहर करीब 11:30 बजे कुलमीपुरा (राजस्थान) निवासी उदयराम पाटीदार नारायणगढ़ में शादी की पत्रिकाएं बांटने जा रहे थे। इसी दौरान पिपलिया से लुनाहेड़ा फंटे के बीच अचानक एक नीलगाय रोजड़ा उनकी कार के सामने आ गई। […]

You May Like