
पिपलिया स्टेशन। क्षेत्र में नीलगाय (रोजड़ों) का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार दोपहर करीब 11:30 बजे कुलमीपुरा (राजस्थान) निवासी उदयराम पाटीदार नारायणगढ़ में शादी की पत्रिकाएं बांटने जा रहे थे। इसी दौरान पिपलिया से लुनाहेड़ा फंटे के बीच अचानक एक नीलगाय रोजड़ा उनकी कार के सामने आ गई। तेज टक्कर से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि कार के एयरबैग खुल जाने से चालक की जान बच गई और कोई जनहानि नहीं हुई। टक्कर के बाद नीलगाय रोजड़ा भी गंभीर रूप से घायल हो गई और कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई। इस दौरान नीलगाय कार से टकराने के बाद एक बाइक सवार से भी जा भिड़ी, जिससे एमपीएमसी 1911 भी घायल हो गया।
उसे एम्बुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय मंदसौर पहुंचाया गया। जिला कांग्रेस महासचिव अनिल शर्मा और नगर कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उणियारा ने बताया डीएफओ संजय खरखेरे को घटना से अवगत कराया। शर्मा और उणियारा ने कहा कि नीलगायों की बढ़ती संख्या और उनसे होने वाले हादसों की गंभीर समस्या के प्रति शासन एवं वन विभाग उदासीन बना हुआ है। रोजड़े एक ओर किसानों की फसलों को बर्बाद कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सडक़ों पर अचानक सामने आकर वाहन चालकों की जान के लिए खतरा बन रहे हैं। नेताद्वय ने कहा कि कांग्रेस लगातार मांग कर रही है कि नीलगायों को गांधीसागर अभयारण्य में छोड़ा जाए, लेकिन इस मांग पर भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेगी।
