मोदी ने बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन, बेंगलुरु-मंगलुरु-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी

बेंगलुरु, 13 नवंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन का उद्घाटन किया और बेंगलुरु-मंगलुरु-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई।

प्रधानमंत्री ने कर्नाटक में 16,500 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण भी किया। प्रधानमंत्री ने आज दोपहर करीब 12.45 बजे मेट्रो की पिंक लाइन को हरी झंडी दिखाकर तवरेकेरे से आईआईएम बेंगलुरु मेट्रो स्टेशन तक यात्रा भी की। करीब 3,470 करोड़ रुपये की लागत से विकसित यह मेट्रो लाइन कलेना अग्रहारा से तवरेकेरे तक फैली है। इससे बेंगलुरु के शहरी परिवहन नेटवर्क को मजबूती मिलने, यात्रियों का सफर आसान होने और सड़क यातायात का दबाव कम करने की उम्मीद है।

श्री मोदी ने वर्चुअल रूप से बेंगलुरु-मंगलुरु-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाई। इस ट्रेन से कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु, तटीय कर्नाटक और गोवा के बीच आधुनिक रेल संपर्क उपलब्ध होगा। यह ट्रेन हासन, सकलेशपुर, मंगलुरु, उडुपी, मुरुडेश्वर, गोकर्ण और कारवार सहित प्रमुख स्थानों पर रुकेगी और मडगांव तक जाएगी। इससे यात्रियों को सुविधा मिलने के साथ क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। यह वंदे भारत सेवा देश की सबसे लंबी अवधि वाली चेयर कार वंदे भारत ट्रेन होगी।

यशवंतपुर से मडगांव तक इसकी यात्रा में 13 घंटे 20 मिनट लगेंगे, जबकि वापसी में मडगांव से यशवंतपुर पहुंचने में 12 घंटे 55 मिनट का समय लगेगा। इसकी औसत गति भी देश की अन्य वंदे भारत सेवाओं के मुकाबले सबसे कम होगी। बेंगलुरु से मडगांव की दिशा में औसत गति 54 किलोमीटर प्रति घंटा और वापसी में 53 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी। ट्रेन संख्या 26655 यशवंतपुर से सुबह 7.35 बजे रवाना होकर रात 8.55 बजे मडगांव पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 26656 मडगांव से सुबह 8.20 बजे चलकर रात 9.15 बजे यशवंतपुर पहुंचेगी।

ट्रेन के नियमित परिचालन की शुरुआत 15 नवंबर से होगी। यह यशवंतपुर से बुधवार और मडगांव से गुरुवार को छोड़कर सप्ताह के बाकी सभी दिन चलेगी। इस मार्ग पर कुल 12 ठहराव होंगे। इनमें श्रवणबेलगोला, हासन, सकलेशपुर, सुब्रह्मण्य रोड, काबका पुत्तूर, मंगलुरु जंक्शन, उडुपी, कुंदापुरा, बिंदूर, मुरुडेश्वर, गोकर्ण रोड और कारवार शामिल हैं।

श्री मोदी ने बेंगलुरु में आयोजित कार्यक्रम में बिजली पारेषण, नवीकरणीय ऊर्जा, पेट्रोलियम, कचरा प्रबंधन और रेलवे सहित विभिन्न क्षेत्रों की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें कोप्पल-द्वितीय और गदग-द्वितीय में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों से बिजली पारेषण की करीब 4,450 करोड़ रुपये की परियोजना तथा बीदर में सौर ऊर्जा क्षेत्र से बिजली निकासी के लिए 1,370 करोड़ रुपये की परियोजना शामिल हैं। इनसे संबंधित क्षेत्रों में क्रमशः करीब दो गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा और 2.5 गीगावाट सौर ऊर्जा को बिजली ग्रिड तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। प्रधानमंत्री ने दावणगेरे-चित्रदुर्ग और बल्लारी के नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों को जोड़ने वाली 3,450 करोड़ रुपये से अधिक की पारेषण परियोजना तथा दावणगेरे और बल्लारी में अतिरिक्त नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता के एकीकरण के लिए 1,100 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजना की आधारशिला भी रखी। इसके अलावा मंगलुरु में 850 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित देश की सबसे बड़ी भूमिगत एलपीजी भंडारण सुविधा भी राष्ट्र को समर्पित की गई। इसकी भंडारण क्षमता 80,000 टन है।

परियोजना में न्यू मैंगलोर बंदरगाह को मुख्य टर्मिनल से जोड़ने वाली 9.4 किलोमीटर लंबी एलपीजी पाइपलाइन भी शामिल है। इसके अलावा, मंगलोर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (एमआरपीएल) के 330 करोड़ रुपये की लागत से बने देवणगोंठी मार्केटिंग टर्मिनल को भी राष्ट्र को समर्पित किया गया। इससे राज्य में पेट्रोलियम उत्पादों के भंडारण और वितरण की क्षमता बढ़ेगी।

श्री मोदी ने बेंगलुरु के हरलाकुंटे में गेल के संपीड़ित बायोगैस संयंत्र की आधारशिला रखी। यह संयंत्र प्रतिदिन करीब 300 टन नगर निगम के ठोस कचरे का प्रसंस्करण कर 12.6 टन संपीड़ित बायोगैस का उत्पादन करेगा। रेलवे क्षेत्र में प्रधानमंत्री ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित चार स्टेशनों- चामराजनगर, चिकमगलुरु, सकलेशपुर और सुब्रह्मण्य रोड का उद्घाटन किया। इन स्टेशनों पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और इनके विकास से स्थानीय व्यापार तथा पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने गडग-होटगी दोहरीकरण परियोजना के तहत 45 किलोमीटर लंबे बागलकोट-वंडाल रेलखंड को भी राष्ट्र को समर्पित किया। इससे यात्री और मालगाड़ियों की आवाजाही बेहतर होगी तथा स्थानीय व्यापार और कुडगी एनटीपीसी संयंत्र को कोयले की आपूर्ति में मदद मिलेगी।

श्री मोदी ने 55 किलोमीटर लंबे सकलेशपुर-सुब्रह्मण्य रोड घाट रेलखंड के विद्युतीकरण को भी राष्ट्र को समर्पित किया। इसके पूरा होने के साथ ही बेंगलुरु-मंगलुरु रेल मार्ग पूरी तरह विद्युतीकृत हो गया है।

 

Next Post

उस्ताद अलाउद्दीन खाँ संगीत समारोह: सतना-मैहर-कटनी के कलाकारों ने दी शानदार प्रस्तुतियां

Fri Nov 13 , 2026
मैहर। उस्ताद अलाउद्दीन खाँ संगीत समारोह 2026 के अंतर्गत पूर्वरंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी, संस्कृति संचालनालय के संचालक एन.पी. नामदेव, डॉ. के.सी. जैन और सीएसपी महेंद्र सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। पूर्वरंग कार्यक्रम में सतना, मैहर और कटनी […]

You May Like