मैहर। उस्ताद अलाउद्दीन खाँ संगीत समारोह 2026 के अंतर्गत पूर्वरंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी, संस्कृति संचालनालय के संचालक एन.पी. नामदेव, डॉ. के.सी. जैन और सीएसपी महेंद्र सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।
पूर्वरंग कार्यक्रम में सतना, मैहर और कटनी के चयनित स्थानीय एवं क्षेत्रीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। कलाकारों ने भारतीय शास्त्रीय संगीत और नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में सुश्री सुकृति सोनी ने एकल कथक नृत्य, सुश्री आरती शुक्ला और सुश्री रिचा पाण्डेय ने शास्त्रीय गायन, मोहम्मद अहमद खाँ ने सारंगी वादन और प्रांशु सेन एवं उनके साथियों ने समूह शास्त्रीय गायन की प्रस्तुति दी।
इसके अलावा कार्यक्रम में युवराज सिंह द्वारा एकल शास्त्रीय गायन, शिवेश पाण्डेय द्वारा तबला वादन, सुश्री नंदिनी अग्निहोत्री द्वारा एकल कथक नृत्य, सुश्री मेघना बड़गैयाँ के समूह द्वारा कथक नृत्य और श्री एकांश भट्ट द्वारा सरोद वादन की प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।
इस पूर्वरंग कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सतना, मैहर और कटनी के क्षेत्रीय कलाकारों को अपनी कला दिखाने का मंच देना, उन्हें प्रोत्साहित करना और भारतीय शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाना है। इसके माध्यम से क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में स्थानीय आयोजन समिति के सचिव के.सी. जैन, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती गीता सोनी, सत्यभान सिंह, संतोष सोनी, आलोक अग्रवाल, सतीश मिश्रा और विकास तिवारी सहित विभागीय अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
