मैसूरु, 13 नवंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश प्राचीन ज्ञान परंपराओं को आधुनिक वैज्ञानिक और तकनीकी उपलब्धियों से जोड़ते हुए शुक्रवार को अंतरिक्ष अन्वेषण, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में पिछले एक दशक के दौरान देश की प्रगति को सभ्यतागत विरासत की निरंतरता का हिस्सा बताया।
श्री मोदी ने यहां भारत के पहले एलईडी गुंबद वाले तारामंडल ‘कॉसमॉस’ का उद्घाटन करते हुए कहा कि भारत की आध्यात्मिक और वैज्ञानिक परंपराएं ऐतिहासिक रूप से साथ-साथ आगे बढ़ी हैं। देश के प्राचीन खगोलविदों ने ब्रह्मांड को समझने की दिशा में मजबूत आधार तैयार किया था। उन्होंने कहा, “हमारे पूर्वज आकाश का बहुत बारीकी से अध्ययन किया करते थे। उन्होंने तारों और ग्रहों की गति को समझा, उन्होंने कैलेंडर बनाये, सूर्य और चंद्र ग्रहण के समय की गणना की। देश में आर्यभट्ट, वराहमिहिर, भास्कराचार्य और नीलकंठ सोमयाजी जैसे अनेक महान खगोलविदो हुए। आज जैसे उन्नत उपकरण और टेक्नोलॉजीउस समय नहीं थी। इसके बावजूद, उन्होंने बड़ी-बड़ी खोजें कीं, मुश्किल से मुश्किल गणनाएं कीं।
प्रधानमंत्री मैसूरु के संस्थाओं के निर्माण की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि महाराजा नालवड़ी कृष्णराज वाडियार के समय ही मैसूर यूनिवर्सिटी की स्थापना हुई थी। वाडियार परिवार ने बेंगलुरु में भारतीय विज्ञान संस्थान की नींव रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इन संस्थानों ने कई पीढ़ियों के विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं को आगे बढ़ने के अवसर दिये।
उन्होंने कहा कि इस अत्याधुनिक ‘कॉसमॉस’ तारामंडल के रूप में मैसूरु भी देश की विज्ञान यात्रा में में एक नया अध्याय जोड़ने रहा है। आज यह युवाओं और देशवासियों को समर्पित हो रहा है।
श्री मोदी ने कहा कि देश के युवा बहुत बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। पिछले साल भारत ने मुंबई में खगोल विज्ञान और खगोल भौतिकी पर अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड का आयोजन किया था। इसमें युवाओं ने बड़े उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इस साल, इसी ओलंपियाड के अगले संस्करण के लिए देश के पांच विद्यार्थी वियतनाम गये। इनमें से चार ने स्वर्ण पदक जीते और एक ने सिल्वर मेडल जीता।
उन्होंने कहा कि युवा विद्यार्थी विज्ञान के दूसरे क्षेत्रों में भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। इस साल अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड में भी भारत के विद्यार्थियों ने बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं। इनमें गणित, भौतिकी, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान जैसे विषय शामिल थे। सभी विद्यार्थियों ने स्वर्ण या रजत पदक जीते। यह भारत के लिए एक रिकॉर्ड उपलब्धि रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज तकनीक की दुनिया को बहुत तेजी से बदल रही है। कोई भी देश इसमें धीमी रफ्तार से चलने का रिस्क नहीं ले सकता। बीते एक दशक में भारत ने खगोल विज्ञान, खगोल भौतिकी और अंतरिक्ष क्षेत्र में अभूतपूर्व गति से काम किया है।
उन्होंने कहा, “हमने देश में नए टेलीस्कोप लगाए हैं, अंतरिक्ष अन्वेषण के कई कठिन क्षेत्रों में, भारत आज दुनिया के गिने-चुने देशों में शामिल हो गया है। चंद्रयान-3 के माध्यम से इसरो ने, भारत को चंद्रमा के साउथ पोल के पास उतरने वाला, दुनिया का पहला देश बनाया। आदित्य-एल-वन के रूप में भारत को स्पेस में अपनी पहली सोलर ऑब्जर्वेटरी मिली है। पिछले साल ही भारत, स्पेस में डॉकिंग और अनडॉकिंग की क्षमता दिखाने वाला दुनिया का चौथा देश बना है।” उन्होंने कहा कि एक भारतीय ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर पहुंचकर नये-नये प्रयोग भी किये हैं। इस मिशन से मिला अनुभवमानव अंतरिक्ष उड़ान कार्यक्रम गगनयान के लिए भी उपयोगी हो रहा है।
श्री मोदी ने भारत हमेशा से मानवता प्रथम के मंत्र को लेकर आगे चला है। भारत का अंतरिक्ष मिशन भी मानवता के कल्याण के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने कहा, “हमारी सोच समाज के लिए विज्ञान है। हम देश में अनुसंधान और नवाचार को लगातार बढ़ावा दे रहे हैं। देश की 10 हजार से अधिक अटल टिंकरिंग लैब्स का लाभ अब तक एक करोड़ से अधिक विद्यार्थियों को मिल चुका है। इन लैब्स में बच्चों को अपने आइडियाज पर काम करने, नये प्रयोगों करने और नवाचार के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा, “पिछले साल हमने एक लाख करोड़ रुपए के अनुसंधान, विकास और नवाचार योजना शुरू की है, ताकि हमारे देश के शोधकर्ताओं को पर्याप्त राशि मिलती रहे।
