देश का कुल निर्यात अक्टूबर 2026 में 29.90 प्रतिशत बढ़कर 89.99 अरब डॉलर, वस्तु निर्यात का नया मासिक रिकॉर्ड

नयी दिल्ली , 13 नवंबर (वार्ता) देश से वस्तुओं और सेवाओं का कुल निर्यात अक्टूबर 2026 में अनुमानित 89.99 अरब अमेरिकी डॉलर रहा, जो अक्टूबर 2025 की तुलना में 29.90 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। इस दौरान वस्तुओं का निर्यात 49.47 अरब डॉलर के साथ नये रिकार्ड स्तर पर पहुंच गया।

वाणिज्य मंत्रालय द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार अक्टूबर 2026 में कुल आयात अनुमानित रूप से 110.07 अरब डॉलर रहा, जो पिछले वर्ष के इसी महीने की तुलना में 16.58 प्रतिशत अधिक है।

अक्टूबर 2026 में वस्तुओं का निर्यात सालाना आधार पर 45.06 प्रतिशत की रिकार्ड वृद्धि के साथ 49.47 अरब डालर पर पर पहुंच गया। पिछले साल अक्टूबर में यह 34.11 अरब डॉलर था। इस दौरान वस्तुओं का आयात 89.35 अरब डॉलर रहा जो एक साल पहले इसी अवधि में 76.69 अरब डॉलर था।

आलोच्य माह में वाणिज्यिक वस्तुओं के निर्यात-आयात के हिसाब से व्यापार-घाटा (आयात का आधिक्य) 39.88 अरब डॉलर रहा जो एक साल का उच्चतम स्तर है। सितंबर में व्यापार घाटा अरब डॉलर 30.21 अरब डॉलर था।

अक्टूबर में सेवा निर्यात (अनुमानित) 40.51अरब डॉलर के स्तर पर रहा जो एक साल पहले 35.17 अरब डॉलर के बराबर था। सेवाओं से संबंधित आरबीआई के वास्तविक आंकड़े सितंबर 2026 तक उपलब्ध हैं।

व्यापार आंकड़े जारी करते हुए वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने कहा, “भारत ने अक्टूबर 2026 में अब तक का अपना सर्वाधिक मासिक वस्तु निर्यात दर्ज किया है।” उन्होंने अक्टूबर के निर्यात प्रदर्शन को भारतीय व्यापार क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में रेखांकित किया।

आंकड़ों पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए निर्यातकों के शीर्ष संगठन फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशंस (फियो) के अध्यक्ष एस. सी. रहलन ने कहा, “अक्टूबर का निर्यात प्रदर्शन वृद्धि की गति और विभिन्न भौगोलिक बाजारों में इसके विस्तार, दोनों ही दृष्टियों से उत्साहजनक रहा है। हमारे शीर्ष 50 निर्यात बाजारों में से 43 बाजारों में निर्यात का बढ़ना भारतीय निर्यातकों की मजबूती और वैश्विक व्यापारिक अनिश्चितताओं के बावजूद उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की उनकी क्षमता को दर्शाता है। अब हमारी प्राथमिकता इस मजबूत गति को बनाए रखते हुए निर्यात में निरंतर और स्थायी वृद्धि सुनिश्चित करना है।”

अप्रैल-अक्टूबर 2026-27 के दौरान कुल निर्यात अनुमानित 568.84 अरब डॉलर रहा, जबकि अप्रैल-अक्टूबर 2025-26 में यह 487.59 अरब डॉलर था। यह सालना आधार पर 16.66 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। इसमें वस्तुओं का निर्यात 309.06 अरब डॉलर रहा जो पिछले वर्ष की समान अवधि के253.40 अरब डॉलर की तुलना में 21.96 प्रतिशत अधिक है।

अप्रैल से अक्टूबर के दौरान वस्तुओं का आयात 527.21 अरब डॉलर रहा जो एक साल पहले जो पिछले साल इसी दौरान 452.86 अरब डॉलर था। वस्तु व्यापार घाटा अप्रैल-अक्टूबर 2026-27 में 218.15 अरब डॉलर रहा, जबकि पिछले वर्ष की समान अवधि में यह 199.46 अरब डॉलर था।

अप्रैल-अक्टूबर 2026-27 के दौरान गैर पेट्रोलियम निर्यात 259.22 अरब डॉलर रहा, जो पिछले वर्ष की समान अवधि के 219.66 अरब डॉलर की तुलना में 18.01 प्रतिशत अधिक है।

अक्टूबर 2026 के दौरान वस्तुओं के निर्यात में वृद्धि को मुख्य रूप से पेट्रोलियम उत्पादों, इलेक्ट्रॉनिक सामान, रत्न एवं आभूषण, जैविक एवं अजैविक रसायनों और इंजीनियरिंग वस्तुओं के निर्यात से मजबूती मिली।

पेट्रोलियम उत्पाद निर्यात 140.21 प्रतिशत बढ़कर अक्टूबर 2025 के 3.70 अरब डॉलर से अक्टूबर 2026 में 8.89 अरब डॉलर, इलेक्ट्रॉनिक सामानों का निर्यात इसी दौरान 62.70 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 4.08 अरब डॉलर से बढ़कर 6.64 अरब डॉलर, रत्न एवं आभूषण 40.06 प्रतिशत बढ़कर 2.29 अरब डॉलर से 3.21 अरब डॉलर ,जैविक एवं अजैविक रसायन , 36.20 प्रतिशत की वृद्धि से 2.12 अरब डॉलर की तुलना में बढ़कर 2.89 अरब डॉलर तथा इंजीनियरिंग वस्तुओं का निर्यात एक साल पहले इसी माह 9.37 अरब डॉलर की तुलना में 36.01 प्रतिशत बढ़कर 12.74 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंच गया।

Next Post

पाकिस्तान के खिलाफ भारत की नजरें बदला लेने और नौवीं बार अंडर-19 एशिया कप जीतने पर

Fri Nov 13 , 2026
अल अमीरात, 13 नवंबर (वार्ता) युवा भारतीय क्रिकेटरों के लिए पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल से बेहतर खुद को साबित करने का कोई और मौका नहीं हो सकता। और जब दांव पर अंडर-19 एशिया कप का खिताब हो, तो यह मौका और भी खास हो जाता है। शनिवार को होने वाले […]

You May Like