घर में घुसकर किसान की गोली मारकर हत्या

*रात में तीन बार फायरिंग की आवाज आई, सुबह कमरे में बेटे का शव मिला*

मुरैना। मुरैना में एक किसान की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। किसान के सिर में दो गोली मारी गईं। पत्नी जब चाय देने कमरे में गई तो किसान खून से लथपथ पड़ा था। पास ही तीन कारतूस पड़े थे।

परिजन का कहना है कि रात में फायरिंग की आवाज आई थी, दरवाजा खोलकर देखा तो कुछ नजर नहीं आया। सुबह पलंग पर किसान का शव मिला।

घटना अंबाह के तोरकुंभ गांव की है। पुलिस पहुंची और किसान विवेक शर्मा का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एक्स-रे में उसके सिर में दो गोलियां फंसी मिली।

थाना प्रभारी सतेंद्र सिंह कुशवाह ने बताया कि उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। यहां से तीन कारतूस बरामद हुए हैं। फोरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया। मृतक विवेक शर्मा जिस कमरे में सो रहे थे, वह मकान की छत पर बना है। कमरे के दो दरवाजे हैं, एक छत की ओर और दूसरा बाहर बालकनी की ओर खुलता है। पास के मकानों की छतें भी आपस में जुड़ी हैं, जहां से कोई भी आसानी से आ-जा सकता है। किसान की मौत सिर में गोली लगने से हुई है।

मृतक की मां का कहना है कि विवेक की पत्नी, मां और बच्चे नीचे कमरे में सो रहे थे। पिता रामदत्त शर्मा घर के पास बने बाड़े में थे। वहीं बड़े भाई कुलदीप खेत पर बने कुएं पर सो रहे थे। विवेक की मां शीला देवी ने बताया कि रात करीब 3 बजे तीन बार फायरिंग की आवाज सुनाई दी थी। दरवाजा खोलकर बाहर देखा, लेकिन कुछ नजर नहीं आया। फिर वापस जाकर सो गई। सुबह बहू चाय देने ऊपर गई, तब उसने विवेक को पलंग पर खून से लथपथ देखा। बहू ने आकर हमें बताया। मृतक की मां का कहना है कि परिवार में भाई-बंधु के बीच दुश्मनी है। विवेक शर्मा खेती करके परिवार का गुजारा करता था। बड़ा भाई कुलदीप शर्मा पोरसा तहसील में स्टाम्प वेंडर और टाइपिस्ट है। पिता रामदत्त शर्मा अंबाह न्यायालय परिसर में स्टाम्प वेंडर रहे हैं।

Next Post

30 हजार की रिश्वत लेते नगरीय विभाग के दो बाबू पकड़े

Thu Sep 4 , 2025
ग्वालियर। लोकायुक्त पुलिस ग्वालियर ने आज नगर परिषद पिछोर जिला शिवपुरी के दो बाबुओं को रिश्वत लेते पकडा है। यह दोनों एक भुगतान के लिये 60 हजार रूपये की रिश्वत मांग रहे थे। इन्हें रिश्वत राशि की पहली किश्त 30 हजार रूपये के साथ पकडा गया है। लोकायुक्त एसपी ग्वालियर […]

You May Like