सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली में आवारा मवेशियों की समस्या से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। नगर निगम के वार्ड क्रमांक 28 अशोक वार्ड के कचनी क्षेत्र से बड़ी संख्या में ग्रामीण सैकड़ों आवारा मवेशियों को लेकर नगर निगम कार्यालय पहुंच गए। यहां मुख्य गेट पर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में आवारा मवेशियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मवेशियों के सड़कों पर घूमने से आए दिन सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। वहीं, ये मवेशी खेतों में घुसकर किसानों की फसलों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर लंबे समय से परेशानी बनी हुई है, लेकिन नगर निगम प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
इसी नाराजगी के चलते ग्रामीणों ने मवेशियों को एकत्रित किया और नगर निगम कार्यालय के मुख्य गेट पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने मांग की कि आवारा मवेशियों को सड़कों और ग्रामीण इलाकों से हटाकर उनके लिए उचित व्यवस्था की जाए, ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लग सके और किसानों की फसलों को बचाया जा सके।
