किसानों को नशेड़ी बताने पर कांग्रेस का प्रदर्शन

विशेष संवाददाता भोपाल। रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा द्वारा किसानों को कथित तौर पर नशेड़ी बताए जाने के बयान के विरोध में शुक्रवार को भोपाल शहर जिला कांग्रेस कमेटी एवं जिला किसान कांग्रेस ने भोपाल सांसद आलोक शर्मा के निवास पर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने सांसद शर्मा को ज्ञापन सौंपकर जनार्दन मिश्रा से तत्काल इस्तीफा लेने और देशभर के किसानों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।

ज्ञापन में भोपाल लोकसभा क्षेत्र सहित मध्यप्रदेश के किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दे भी उठाए गए। इनमें न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी), खाद के अपर्याप्त वितरण, सिंचाई के लिए बिजली की समस्या, कृषि उपज का लाभकारी मूल्य और खेती की बढ़ती लागत प्रमुख रूप से शामिल रहे।

कांग्रेस नेताओं ने सांसद आलोक शर्मा से इन समस्याओं को प्रधानमंत्री एवं केंद्र सरकार के समक्ष उठाने तथा संसद में किसानों की आवाज प्रभावी ढंग से बुलंद करने का आग्रह किया। उन्होंने भाजपा सरकार पर किसानों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए इसे समाप्त करने की मांग भी की।

भोपाल शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना ने कहा कि किसानों का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस किसानों के सम्मान, अधिकार और कल्याण के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

प्रदर्शन में जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र मीणा, अवनीश भार्गव, अनोखी मानसिंह पटेल, राजकुमार सिंह, विष्णु विश्वकर्मा, संतोष कसाना और नितिन राजोरिया सहित पार्टी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Next Post

शिवपुरी: पालतू सूअरों से फसल बर्बाद होने पर भड़के ग्रामीण, शिवपुरी-श्योपुर हाईवे पर चक्काजाम

Fri Nov 13 , 2026
शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में फसलों को नुकसान पहुंचने से नाराज ग्रामीणों ने शिवपुरी-श्योपुर हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। मामला पोहरी थाना क्षेत्र के मरोरा अहीर गांव का है। ग्रामीणों का आरोप है कि पालतू सूअर लगातार खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे उन्हें […]

You May Like