नयी दिल्ली, 13 नवंबर (वार्ता) कांग्रेस ने मोदी सरकार पर आसमान छूती महंगाई को लेकर तीखा हमला करते हुए कहा है कि महंगाई अब बिना बुलाये मेहमान बनकर हर घर का बजट निगल रही है और रसोई से लेकर रोजमर्रा की जरूरतों की हर चीज महंगी होती जा रही है।
कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने शुक्रवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि मोदी सरकार में महंगाई डायन नहीं, अब तो बिना बुलाये मेहमान बनकर हर घर का बजट निगल रही है। रसोई से लेकर रोजमर्रा की हर चीज बेकाबू हो गयी है और सरकार की गलत नीतियों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है।
श्री रमेश ने कहा कि पिछले 12 वर्षों से महंगाई लगातार बढ़ रही है और आम जनता पर इसकी वास्तविक चोट सरकारी आंकड़ों में दिखने वाली स्थिति से कहीं ज्यादा है। इस वर्ष सरकारी आंकड़े भी हर महीने महंगाई बढ़ने का संकेत दे रहे हैं। खुदरा महंगाई दो साल के उच्चतम स्तर 6.09 प्रतिशत पर पहुंच गयी है और 12 में से 11 उपभोग श्रेणियों में महंगाई बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि खाद्य महंगाई 8.94 प्रतिशत पर पहुंच गयी है। प्याज 116 प्रतिशत, लहसुन 60 प्रतिशत और अदरक 48 प्रतिशत तक महंगे हो चुके हैं। आटा, तेल, घी, दूध, दाल और साबुन समेत रोजमर्रा की सभी जरूरी चीजों पर महंगाई का ज़बरदस्त असर दिख रहा है। कंपनियां कीमतें बढ़ाने के अलावा उत्पादों की मात्रा घटाने पर भी विचार कर रही हैं। श्री रमेश ने आशंका जताई कि ब्याज दरें बढ़ने से आम आदमी के लिए कर्ज लेना और महंगा हो सकता है, जिससे उसकी आर्थिक मुश्किलें और बढ़ेंगी।
महंगाई को लेकर अखबारों में छपी खबरों के आंकड़े देते हुए उन्होंने कहा, “यह अमृत काल नहीं, महंगाई का भूचाल है।”

