
मुंबई, 26 जून (वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के ब्याज दरों में अधिक कटौती के लिए फेडरल रिजर्व में संभावित नेतृत्व परिवर्तन करने को लेकर जारी अटकलों से यूरोपीय बाजार में आई तेजी से उत्साहित निवेशकों की स्थानीय स्तर पर हुई चौतरफा लिवाली की बदौलत आज शेयर बाजार में तूफानी तेजी रही।
बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1000.36 अंक अर्थात 1.21 प्रतिशत की छलांग लगाकर करीब नौ महीने के उच्चतम स्तर 83 अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर के पार 83755.87 अंक पर पहुंच गया। साथ ही नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 304.25 अंक यानी 1.21 प्रतिशत उछलकर 25549 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह बीएसई का मिडकैप 0.56 प्रतिशत मजबूत होकर 46,362.77 अंक और स्मॉलकैप 0.12 प्रतिशत बढ़कर 53,960.57 अंक हो गया।
इस दौरान बीएसई में कुल 4153 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 2097 में लिवाली जबकि 1900 में बिकवाली हुई वहीं 156 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह एनएसई में कारोबार के लिए रखी गई कुल 2975 कंपनियों के शेयरों में से 1474 में तेजी जबकि 1397 में गिरावट रही वहीं 104 में टिकाव रहा।
विश्लेषकों के अनुसार, गुरुवार को डॉलर तीन साल के निचले स्तर पर आ गया जबकि वैश्विक शेयर बाजारों ने बीते तीन दिनों में दूसरी बार नया रिकॉर्ड उच्च स्तर हासिल किया। इसकी वजह अमेरिकी फेडरल रिजर्व में संभावित नेतृत्व परिवर्तन को लेकर अटकलें बताई जा रही हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति श्री ट्रम्प फेडरल रिजर्व के मौजूदा अध्यक्ष जेरोम पॉवेल की जगह जल्द ही नया चेहरा नियुक्त करने पर विचार कर रहे हैं। कहा जा रहा है कि श्री ट्रम्प फेड से ब्याज दरों में तेजी से कटौती करने की मांग कर रहे हैं और इसी दिशा में अगले कुछ महीनों में पॉवेल का विकल्प चुनने की योजना बना रहे हैं। इस अटकल के बाद निवेशकों ने अमेरिकी ब्याज दरों में संभावित कटौती पर दांव लगाना शुरू कर दिया, जिससे डॉलर में भारी बिकवाली देखी गई। वहीं, वैश्विक शेयर बाजारों में तेजी का रुख बना रहा और बाजार नई ऊंचाइयों पर पहुंच गए।
इससे बीएसई में फोकस्ड आईटी, आईटी और रियल्टी में 1.04 प्रतिशत की गिरावट को छोड़कर अन्य 18 समूहों में तेजी रही। इस दौरान कमोडिटीज 1.39, सीडी 0.42, ऊर्जा 1.68, एफएमसीजी 0.61, वित्तीय सेवाएं 1.25, हेल्थकेयर 0.28, इंडस्ट्रियल्स 0.58, दूरसंचार 0.80, यूटिलिटीज 1.24, ऑटो 0.51, बैंकिंग 0.95, कैपिटल गुड्स 0.36, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 0.79, धातु 2.28, तेल एवं गैस 1.88, पावर 1.13, टेक 1.13 और सर्विसेज समूह के शेयर 0.88 प्रतिशत चढ़ गए।
अंतरराष्ट्रीय स्तर मिलाजुला रुख रहा। इस दौरान ब्रिटेन का एफ़टीएसई 0.26, जर्मनी का डैक्स 0.84 और जापान का निक्केई 1.65 प्रतिशत उछल गया। हालांकि हांगकांग का हैंगसेंग 0.61 और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.22 प्रतिशत उतर गया।
