जबलपुर: राजस्व एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने मंगलवार को साउथ सिविल लाइन स्थित बीकानेर वाला का निरीक्षण किया जहां किचन एवं स्टोर में साफ सफाई नहीं पाई है। स्वीट्स एवं नमकीन प्रोडक्ट दिल्ली से कोल्ड चैन के माध्यम से लाया जाना बताया गया। इस प्रतिष्ठान से ब्लेंडेड चीज, खोवा बर्फी, बूंदी के लड्डू के सैंपल लिए गये।
बिलहरी स्थित बीकानेर स्वीट्स का भी निरीक्षण किया गया। इस प्रतिष्ठान के कारखाने में फफूंद लगा हुआ बादाम और अंजीर पाए गए तथा पुरानी मिठाइयों को रिसाइकिल किया जा रहा था। बिकानेर स्वीट्स के कारखाने से मौके पर करीब 20 किलो मिठाई एवं ड्रायफ्रूट नष्ट कराये गये तथा कारखाने में रखे मावा एवं डोडा बर्फी के सैंपल जांच करने लिए गए है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता ने बताया कि बीकानेर स्वीट्स के संचालक को धारा 32 के तहत नोटिस दिया जा रहा है तथा नियमों का पालन नहीं करने पर वैधानिक कार्यवाही की जायेगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को बिलहरी स्थित हीरा स्वीट्स की भी जांच कर नमकीन एवं केशर पेड़ा के सैंपल लिए गए।
