ग्वालियर। दीपावली-छठ पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। त्योहारी सीजन में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया है। इससे ज्यादा यात्रियों को कन्फर्म बर्थ मिल सकेगी।
रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 04141/04142 खजुराहो-उदयपुर सिटी-खजुराहो स्पेशल के कोच कंपोजिशन में बदलाव किया गया है। खजुराहो से 29 अक्टूबर से 19 नवंबर तथा उदयपुर सिटी से 30 अक्टूबर से 20 नवंबर तक इस ट्रेन में स्लीपर श्रेणी के कोच 5 से बढ़ाकर 7 किए जाएंगे। इससे ट्रेन में कुल कोचों की संख्या 18 से बढ़कर 20 हो जाएगी। नई व्यवस्था में 2 एसएलआरडी, 10 सामान्य, 7 स्लीपर और 1 सेकंड एसी सहित 20 आईसीएफ कोच होंगे।
इसी तरह ट्रेन संख्या 01913/01914 खजुराहो-हजरत निजामुद्दीन-खजुराहो स्पेशल में भी बदलाव होगा। खजुराहो से 28 अक्टूबर से 18 नवंबर तथा निजामुद्दीन से 29 अक्टूबर से 19 नवंबर तक सामान्य कोच 12 से घटाकर 10 और स्लीपर कोच 5 से बढ़ाकर 7 किए जाएंगे। इसमें भी कुल 20 कोच रहेंगे।
त्योहार पर चलेगी अनारक्षित फेस्टिवल स्पेशल
निजामुद्दीन ग्वालियर झांसी के बीच तीन दिन सेवा
त्योहारी सीजन में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने हजरत निजामुद्दीन से वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी के बीच अनारक्षित फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस चलाने का फैसला किया है। इससे नियमित ट्रेनों पर दबाव कम होगा और यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
गाड़ी संख्या 04412 हजरत निजामुद्दीन-झांसी अनारक्षित स्पेशल 5, 6 और 7 नवंबर को शाम 6.50 बजे निजामुद्दीन से रवाना होगी। यह फरीदाबाद, पलवल, होडल, कोसी कलां, मथुरा, आगरा कैंट, धौलपुर होते हुए अगले दिन तड़के 1.56 बजे मुरैना, 2.55 बजे ग्वालियर, 3.35 बजे डबरा, दतिया होते हुए सुबह 6 बजे झांसी पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 04411 झांसी से निजामुद्दीन के लिए 6, 7 और 8 नवंबर को सुबह 6.30 बजे चलेगी। यह दतिया, डबरा, ग्वालियर में 8.35 बजे, मुरैना, आगरा कैंट, मथुरा, पलवल, फरीदाबाद होते हुए शाम 4 बजे निजामुद्दीन पहुंचेगी।
ट्रेन में 14 सामान्य द्वितीय श्रेणी और 2 एसएलआर सहित कुल 16 कोच होंगे। पूरा संचालन इलेक्ट्रिक इंजन से किया जाएगा।
