राइस मिलों की राख ने छीनी सांसें, बर्बाद की फसलें

चुरहट/रामपुर नैकिन । राइस मिलों की राख ने सांसे छीन रखी हैं और फसलें बर्बाद हो रही हैं। जिले की चुरहट तहसील और जनपद पंचायत रामपुर नैकिन के अंतर्गत आने वाले ग्राम कोष्टा-कोठार और मिश्रगवां (वार्ड 17) के ग्रामीण इन दिनों राइस मिलों से उगलने वाले जहरीले धुएं, राख और दूषित पानी के कारण नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं।
इस गंभीर संकट से त्रस्त ग्रामीणों और अधिवक्ता अम्बुज पाण्डेय ने कलेक्टर व एसडीएम चुरहट/रामपुर नैकिन को ज्ञापन सौंपकर नियमों की धज्जियां उड़ाने वाली मिलों को तत्काल सील करने की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सर्वमंगला राइस मिल सहित क्षेत्र की अन्य धान मिलें घनी आबादी और वन भूमि से सटकर संचालित हो रही हैं जो एनजीटी और सीपीसीबी के नियमों का सीधा उल्लंघन है। हैरानी की बात यह है कि कई मिलों के पास वैध अनुमति तक नहीं है, न तो हवा को साफ रखने के लिए बैग फिल्टर लगे हैं और न ही गंदे पानी को साफ करने के लिए ट्रीटमेंट प्लांट। खुले में फेंकी जा रही भूसी और राख ने पूरे इलाके की आबोहवा को जहरीला बना दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि कोष्टा-कोठार की सभी मिलों की संयुक्त जांच कर दोषी संचालकों पर भारी जुर्माना लगाया जाए और मिलों को तत्काल बंद किया जाए। साथ ही प्रभावित ग्रामीणों का स्वास्थ्य शिविर लगाकर इलाज कराने, किसानों को फसल नुकसान का मुआवजा देने और जर्जर सडक़ों की मरम्मत कराने की गुहार लगाई गई है।
००
मिलों से उड़ती धूल और राख के कारण स्थानीय लोगों का सांस लेना तक दूभर हो गया है। ग्राम मिश्रगवां के वाशिंदों के मुताबिक बच्चों और बुजुर्गों्र में दमा (सांस के रोग), त्वचा रोग और आंखों में जलन की समस्या तेजी से बढ़ रही है। दूसरी तरफ खेतों में राख की परत जमने से किसानों की खड़ी फसलें बर्बाद हो रही हैं और भारी वाहनों से गांव की सडक़ें भी गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं।
००
इनका कहना है

ग्राम कोष्ठा कोठार में कई धान मिल संचालित हैं, जो वन भूमि लगी हुई हैं एवं बस्तियों के बीच में हैं। मिलों से निकलने वाले धूल के गुबारों से किसानों की फसलें नष्ट हो रही हैं और यहां के रहवासियों में सांस एवं त्वचा की बीमारियां हो रहीं हैं।
एड.अम्बुज पाण्डेय

राइस मिलों के मनमानी की शिकायत कई बार अधिकारियों से की गई लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही है। मिलों के प्रदूषण से सांस लेने में तकलीफ होने की शिकायत हो रही है। फसलें बर्बाद हो रही हैं।
हिमांशु पाण्डेय, कोष्ठा पवाई

सर्व मंगला राइस मिल से निकलने वाली डस्ट घर, पानी एवं भोजन में मिल रही है। उनके पिता हार्ट पेसेंट हैं उनको सांस लेने में तकलीफ हो रही है। डस्ट से खेत-खलिहान बर्बाद हो रहे हैं। मिल संचालक से कई बार मिलकर विरोध व्यक्त किया, लेकिन उसका कहना है कि जहां शिकायत करना हो कर दो।
अनिल पटेल, कोष्ठा पवाई

राइस मिलों की शिकायत पर मेरे द्वारा जांच दल गठित कर दिया गया है। इसमें प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से भी सहभागिता आवश्यक है तभी कार्रवाई हो पायेगी।
अजय शर्मा, एसडीएम चुरहट

Next Post

नीमन तिराहे पर ट्रक हादसा, 7 घंटे बाद बहाल हुआ यातायात, सुबह 3:30 बजे तक चला रेस्क्यू

Fri Nov 13 , 2026
दमोह-छतरपुर: स्टेट हाइवे पर नीमन तिराहे पर हुए ट्रक हादसे के बाद करीब 7 घंटे बाद यातायात बहाल हो सका। रेस्क्यू अभियान सुबह 3:30 बजे तक चलता रहा।केबिन में फंसे घायल चालक सीटू को पहले अस्पताल पहुंचाया गया, फिर उसके गृह क्षेत्र फतेहपुर उत्तरप्रदेश भेजा गया।तहसीलदार योगेंद्र चौधरी, एसडीओपी प्रिया […]

You May Like