सतना। छिंदवाड़ा जिले के सौंसर तहसील अंतर्गत आने वाले उटेकाटा और घोटी रंगारी गांव में साधु का रूप धरकर महिलाओं को ठगने वाले पांच आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा है. आरोपी महिलाओं को झांसे में लेकर सोने का मंगलसूत्र और पांच हजार रुपये नकद लेकर फरार हो रहे थे. खास बात यह है कि पकड़े गए सभी पांचों आरोपी सतना जिले के रहने वाले हैं.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ये सभी आरोपी साधु की वेशभूषा पहनकर गांवों में पहुंचे थे. उन्होंने सुनियोजित तरीके से महिलाओं को अपनी बातों में उलझाया और उन्हें भ्रमित कर सोने का मंगलसूत्र तथा 5 हजार रुपये नकद ऐंठ लिए और वहां से भाग निकले. जब महिलाओं को ठगी का अहसास हुआ, तो उन्होंने तुरंत स्थानीय लोगों को इसकी सूचना दी. इसके बाद ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाते हुए पुलिस की मदद की और आरोपियों की तलाश में जुट गए. घटना की भनक लगते ही लोधीखेड़ा थाना प्रभारी एबी मर्सकोले ने अपनी टीम के साथ सक्रियता दिखाई और कार से भाग रहे आरोपियों का पीछा करना शुरू किया. पुलिस ने करीब 10 किलोमीटर तक आरोपियों की कार का पीछा किया. इसके बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने संयुक्त रूप से रिमांड चौक के पास कड़ी घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को दबोच लिया. गिरफ्तारी के बाद उन्हें आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सौंसर पुलिस के हवाले कर दिया गया.
मंगसूत्र और नकदी बरामद, सतना से जुड़े हैं तार
सौंसर थाना प्रभारी रूपलाल उईके ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपी सतना जिले के निवासी हैं. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से महिलाओं से ठगा गया सोने का मंगलसूत्र और 5 हजार रुपये नकद पूरी तरह से बरामद कर लिए हैं. फिलहाल, पुलिस आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्होंने इस क्षेत्र में इस तरह की और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है
