
सरदारपुर. धार जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती और कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत अमझेरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजे की अवैध खेती का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने ग्राम निहालपुरा (हनुमन्त्या पदमपुरा) में एक खेत पर दबिश देकर मिर्ची, तुअर एवं गन्ने की फसल के बीच उगाए गए गांजे के कुल ७५ हरे पौधे बरामद किए हैं। जब्त पौधों का कुल वजन १९७ किलो १०० ग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ४ लाख रुपए है। पुलिस ने मौके से खेत मालिक आरोपी राजाराम उर्फ राधू निनामा को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों की खेती, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध विशेष अभियान ऑपरेशन प्रहार चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत ३० अक्टूबर को उपनिरीक्षक दिनेशसिंह यादव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम निहालपुरा निवासी राजाराम उर्फ राधू पिता चम्पालाल निनामा ने अपने खेत में अन्य फसलों के बीच गांजे के पौधे लगा रखे हैं।
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक दिनेशसिंह यादव ने पुलिस टीम के साथ बताए गए खेत पर दबिश दी। तलाशी के दौरान मिर्ची, तुअर और गन्ने की फसल के बीच गांजे के छोटे-बड़े कुल ७५ हरे पौधे मिले। पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए सभी पौधों को जब्त कर लिया। इनका कुल वजन १९७.१०० किलोग्राम पाया गया।
पुलिस ने आरोपी राजाराम उर्फ राधू निनामा निवासी ग्राम निहालपुरा को गिरफ्तार कर थाना अमझेरा में धारा ८/२० एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में आगे की विवेचना एवं वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में उपनिरीक्षक दिनेशसिंह यादव, प्रधान आरक्षक मेहरबानसिंह, भारत बामनिया, अमित पाठक, अरविन्द चौहान एवं आरक्षक लालसिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। धार पुलिस ने आमजन से अपील की है कि जिले में कहीं भी अवैध मादक पदार्थों की खेती, बिक्री अथवा परिवहन की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
