नीमच नगरपालिका की राजस्व शाखा में लंबित प्रकरणों पर डिप्टी कलेक्टर की नाराजगी

नीमच। कलेक्टर के निर्देश पर डिप्टी कलेक्टर एवं नवागत जिला डूडा प्रभारी अधिकारी मयूरी जोक ने दोपहर अचानक नगरपालिका कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने नगरपालिका की राजस्व शाखा में नामांतरण और लीज नवीनीकरण से संबंधित पुरानी फाइलों की जांच की और प्रकरणों के लंबे समय से लंबित रहने पर नाराजगी जताई।

निरीक्षण के दौरान मयूरी जोक ने पहले सीएमओ दुर्गा बामनिया एवं अन्य अधिकारियों से चर्चा कर नगरपालिका की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। इसके बाद वे सीधे राजस्व शाखा पहुंचीं और करीब 15 मिनट तक नामांतरण, लीज नवीनीकरण सहित अन्य प्रकरणों के प्रभारियों से प्रक्रिया और लंबित मामलों की स्थिति समझी।

उन्होंने कुछ पुरानी फाइलें निकलवाकर उनका अवलोकन किया तथा प्रकरणों में देरी का कारण पूछा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि नामांतरण, लीज नवीनीकरण सहित राजस्व शाखा से संबंधित कोई भी प्रकरण बिना उचित कारण लंबे समय तक लंबित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने नवीन और लंबित सभी प्रकरणों की सूची तैयार करने के निर्देश भी दिए।

सीएमओ दुर्गा बामनिया ने बताया कि परिषद की बैठक में करीब आठ महीने की देरी होने के कारण इस बार पेंडेंसी बढ़ी है। वहीं कुछ प्रकरणों में आपत्तियां एवं अन्य प्रक्रियागत कारणों से भी देरी हुई है।

मयूरी जोक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि अगली बार निरीक्षण के दौरान ऐसी कमियां दोबारा नहीं मिलनी चाहिए। अधिकारियों को लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए।

Next Post

कैलिफोर्निया में एरिक स्वैलवेल की जगह प्रगतिशील आयशा वहाब ने जीता विशेष चुनाव, विपक्षी को मिली भारी वित्तीय चुनौती

Fri Aug 21 , 2026
वाशिंगटन, 21 अगस्त (वार्ता) कैलिफोर्निया की स्टेट सेनेटर आयशा वहाब ने राज्य के 14वें संसदीय क्षेत्र के विशेष चुनाव में जीत दर्ज कर पूर्व डेमोक्रेटिक प्रतिनिधि एरिक स्वैलवेल की जगह हासिल कर ली है। गौरतलब है कि स्वैलवेल ने यौन दुर्व्यवहार के आरोपों के चलते अप्रैल में अपने पद से […]

You May Like