तिरुवनंतपुरम, 13 नवंबर (वर्ता) केरल में तिरुवंतपुरम के पास अंगमाली में 24 और 25 नवंबर को आयोजित होने वाले ‘केरल ग्लोबल डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन एंड इन्वेस्टमेंट समिट (केजीडीटीआईएस) 2026’ में लगभग 1,500 प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। इनमें अंतरराष्ट्रीय निवेशक, टेक्नोलॉजी विशेषज्ञ, नीति-निर्माता, उद्योग जगत के दिग्गज और स्टार्टअप उद्यमी शामिल होंगे।
ग्लोबल टेक्नोलॉजी सॉल्यूशंस और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन कंपनी ‘ब्लू क्लाउड’ द्वारा आयोजित यह दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मेलन, निवेश के अवसरों को तलाशने, अंतरराष्ट्रीय व्यावसायिक साझेदारियों को मजबूत करने और केरल के डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन में तेजी लाने के लिए एक मंच प्रदान करेगा।
‘एड्लक्स इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर’ में होने वाले इस आयोजन में 50 सरकारी एजेंसियों के प्रतिनिधि, 100 से अधिक कंपनियों के उच्च अधिकारी और निर्णय लेने वाले प्रमुख लोग तथा 50 से अधिक नीति-निर्माता और वरिष्ठ नौकरशाहों के शामिल होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री वी.डी. सतीसन इस शिखर सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। अन्य प्रमुख सरकारी प्रतिनिधियों में मंत्री पी.के. कुन्हालीकुट्टी, शिबू बेबी जॉन, रोजी एम. जॉन, बिंदु कृष्णा, पी.सी. विष्णुनाथ और ओ.जे. जनीश के भाग लेने की संभावना है।
इस कार्यक्रम में अर्जेंटीना, क्यूबा, इक्वाडोर, लेसोथो, म्यांमार, पैराग्वे, तिमोर-लेस्ते, युगांडा और दक्षिण कोरिया के राजदूतों, राजनयिक प्रतिनिधियों और वैश्विक व्यापार व निवेश जगत के नेताओं का एक अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल भी हिस्सा लेगा। विशिष्ट अतिथियों में यूरोपीय संसद के पूर्व सदस्य और पूर्व उपाध्यक्ष रिज़ार्ड ज़ार्नेकी, तथा इंडियन इकोनॉमिक ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (आईईटीओ) के अध्यक्ष डॉ. आसिफ इकबाल शामिल हैं।
