पूर्व विधायक पाठक के विरोध के बाद स्कूल बसों के अधिग्रहण का आदेश निरस्त

ग्वालियर। ग्राम कुलैथ में कल शुक्रवार को होने वाले किसान सम्मेलन सह पशु मेले और बैलगाड़ी दौड़ के लिए निजी स्कूलों के वाहन अधिग्रहित करने के फैसले पर पूर्व विधायक प्रवीण पाठक ने सवाल उठाए तो मामला तूल पकड़ गया। पाठक के फेसबुक लाइव के बाद प्रशासन को अपना फैसला वापस लेना पड़ा। कलेक्टर ने तत्काल ही निजी स्कूलों के वाहनों के अधिग्रहण संबंधी आदेश तत्काल प्रभाव से निरस्त करा दिए। साथ ही अपर जिला दंडाधिकारी (एडीएम) और क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

दरअसल, मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में हितग्राहियों और आमजन के आवागमन के लिए निजी स्कूलों की बसों के अधिग्रहण के आदेश जारी किए गए थे। इसके बाद पूर्व विधायक प्रवीण पाठक ने फेसबुक लाइव के माध्यम से प्रशासन के इस फैसले पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में भीड़ जुटाने के लिए स्कूली बच्चों की पढ़ाई और उनकी सुविधाओं से समझौता करना उचित नहीं है। प्रशासन की जिम्मेदारी कार्यक्रम के लिए परिवहन व्यवस्था करने की है, न कि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित करने की। उन्होंने सवाल उठाया कि कार्यक्रम में भीड़ जुटाने के लिए स्कूल बसों की जरूरत क्यों पड़ रही है। बच्चों की पढ़ाई का एक घंटा भी बर्बाद नहीं होना चाहिए।

-पर्याप्त वाहन उपलब्ध, अब नहीं होगा अधिग्रहण

विवाद बढ़ने के बाद जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शुक्रवार को ग्राम कुलैथ में होने वाले किसान सम्मेलन सह पशु मेले में हितग्राहियों के आवागमन के लिए पर्याप्त वाहनों की व्यवस्था उपलब्ध है। इसलिए किसी भी निजी स्कूल का वाहन अधिग्रहित नहीं किया जाएगा। कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर एडीएम सीबी प्रसाद ने पूर्व में जारी अधिग्रहण आदेश निरस्त कर दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शुक्रवार को जिले के सभी निजी एवं अन्य स्कूलों में नियमित समय पर कक्षाएं संचालित होंगी।

*आदेश जारी करने में किस स्तर पर हुई चूक, मांगा जवाब*

स्कूल वाहनों के अधिग्रहण संबंधी आदेश के प्रारूप के आधार पर आरटीओ कार्यालय से आदेश जारी किए गए थे। इस प्रक्रिया में हुई चूक और उससे बनी भ्रम की स्थिति को कलेक्टर ने गंभीरता से लिया है। एडीएम सीबी प्रसाद और आरटीओ को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। प्रशासन अब इस पूरे मामले में संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करेगा। हालांकि, आदेश निरस्त होने के बाद स्कूल प्रबंधन, अभिभावकों और विद्यार्थियों को राहत मिली है।

Next Post

भविष्य की जंग में प्रौद्योगिकी, चौंकाने की क्षमता और तीनों सेनाओं का तालमेल होगा अहम: राजनाथ

Thu Nov 12 , 2026
नयी दिल्ली 12 नवंबर (वार्ता) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह नेगुरुवार को कहा कि तेजी से बदलती युद्ध प्रोद्योगिकी और नये सुरक्षा खतरों के बीच भारतीय सशस्त्र बलों को अपनी आक्रामक और रक्षात्मक क्षमताएं मजबूत करनी होंगी। रक्षा मंत्री ने यहां वायुसेना के शीर्ष कमांडरों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए […]

You May Like