भविष्य की जंग में प्रौद्योगिकी, चौंकाने की क्षमता और तीनों सेनाओं का तालमेल होगा अहम: राजनाथ

नयी दिल्ली 12 नवंबर (वार्ता) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह नेगुरुवार को कहा कि तेजी से बदलती युद्ध प्रोद्योगिकी और नये सुरक्षा खतरों के बीच भारतीय सशस्त्र बलों को अपनी आक्रामक और रक्षात्मक क्षमताएं मजबूत करनी होंगी।

रक्षा मंत्री ने यहां वायुसेना के शीर्ष कमांडरों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भविष्य के युद्ध में दुश्मन को जवाबी हमला करने का समय न देना और खुद हर अप्रत्याशित हमले के लिए तैयार रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने इसके लिए खुफिया निगरानी, प्रौद्योगिकी श्रेष्ठता और तीनों सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक युद्ध अब पारंपरिक युद्धक्षेत्रों तक सीमित नहीं हैं। मिसाइल, ड्रोन और उन्नत हथियार प्रणालियां युद्ध की दिशा बदल रही हैं। उन्होंने कामिकेज ड्रोन, निगरानी और ड्रोन रोधी अभियानों जैसी चुनौतियों के लिए तैयार रहने को कहा।

श्री सिंह ने वायुसेना को इलेक्ट्रॉनिक, साइबर और अंतरिक्ष क्षेत्रों में युद्ध की नई रणनीति और व्यवस्था विकसित करने की जरूरत बतायी। उन्होंने कहा कि भविष्य की जीत केवल विमानों की संख्या से तय नहीं होगी, बल्कि तकनीकी क्षमता, प्रतिक्रिया की गति और सटीक तैयारी भी निर्णायक होगी।

रक्षा मंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान और उसके बाद वायुसेना के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस अभियान में थलसेना, नौसेना और वायुसेना के बीच बेहतर तालमेल देखने को मिला। अभियान से मिले सबक के आधार पर ड्रोन और एयर डिफेंस सिस्टम पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

कॉन्फ्रेंस के दौरान श्री सिंह ने वायुसेना की उड़ान इकाई के ए आई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस द्वारा विकसित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एप्लिकेशन लॉन्च किये। ये एप्लिकेशन संचालन, प्रशासन और एयरोस्पेस सुरक्षा से जुड़े कामों को स्वचालित करने और तेज करने में मदद करेंगे। इन्हें वायुसेना के सुरक्षित नेटवर्क पर इस्तेमाल किया जायेगा।

रक्षा मंत्री ने जवानों को नयी तकनीकों का प्रशिक्षण देने और युवा अग्निवीरों की तकनीकी समझ का बेहतर इस्तेमाल करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सशस्त्र बलों से मिले सुझावों के आधार पर अग्निवीरों के लिए सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी का फैसला लिया गया है।

दो दिन के सम्मेलन का विषय ‘द ईयर ऑफ एम्पावरमेंट: मैक्सिमाइजिंग एफिशिएंसी थ्रू डिसेंट्रलाइजेशन’ है। इसमें वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारी संचालन, रखरखाव और प्रशासन से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा कर रहे हैं।

 

Next Post

17 वर्षीय युवक पर पेट्रोल डालकर लगाई आग

Thu Nov 12 , 2026
छिंदवाड़ा। थाना रावनवाड़ा क्षेत्र में आपसी विवाद के बाद एक युवक को पेट्रोल डालकर आग लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस दर्दनाक घटना में 17 वर्षीय दीपक बटके करीब 70 प्रतिशत तक झुलस गया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर […]

You May Like