
छिंदवाड़ा। थाना रावनवाड़ा क्षेत्र में आपसी विवाद के बाद एक युवक को पेट्रोल डालकर आग लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस दर्दनाक घटना में 17 वर्षीय दीपक बटके करीब 70 प्रतिशत तक झुलस गया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम छिंदा 200 क्वार्टर निवासी दीपक बटके पिता स्वर्गीय विष्णु बटके 17 वर्ष गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे अपने दोस्त शनि गौतम के साथ बैठा हुआ था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढऩे के बाद शनि गौतम ने दीपक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। अचानक आग की चपेट में आने से दीपक गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। घटना की सूचना मिलते ही रावनवाड़ा पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि दोनों के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था और किन परिस्थितियों में पेट्रोल डालकर आग लगाने की वारदात को अंजाम दिया गया। रावनवाड़ा थाना प्रभारी सुंदरश मरावी के अनुसार, मामले में शनि गौतम की तलाश की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल इस सनसनीखेज वारदात ने इलाके में चिंता और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। एक मामूली विवाद का इस तरह हिंसक घटना में बदल जाना कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।
