ग्वालियर: धार्मिक आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। जन उत्थान न्यास के तत्वावधान में 30 नवंबर से 6 दिसंबर तक फूलबाग मैदान में सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ आयोजित किया जाएगा। इसमें देश-विदेश में प्रसिद्ध कथावाचक अनिरुद्धाचार्य महाराज अपने मुखारविंद से श्रद्धालुओं को श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण कराएंगे। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, भक्ति, ज्ञान और धर्म से जुड़े प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा।
आयोजन को लेकर अचलेश्वर मंदिर के समीप स्थित GYMC क्लब परिसर में कथा कार्यालय का शुभारंभ किया गया। पंडित गिर्राज शरण गुरुजी ने पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कार्यालय का उद्घाटन कराया। इस दौरान जन उत्थान न्यास के अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. सतीश सिकरवार सहित संस्था के पदाधिकारी, धर्मप्रेमी और शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
विधायक डॉ. सतीश सिकरवार ने बताया कि यह सात दिवसीय धार्मिक महोत्सव ग्वालियर के प्रमुख आयोजनों में शामिल होगा। कथा में ग्वालियर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन के माध्यम से पूरे ग्वालियर-चंबल संभाग में भक्ति, सद्भाव और धार्मिक चेतना का संदेश देने का प्रयास किया जाएगा।
