रणजी ट्रॉफी के तीसरे राउंड में मुंबई के लिए खेलेंगे जायसवाल

मुंबई, 28 अक्टूबर (वार्ता) भारतीय ओपनर यशस्वी जायसवाल 1 नवंबर से शुरू हो रहे अगले दौर के रणजी ट्रॉफी 2025-26 मैच में खेलने के लिए तैयार हैं। मुंबई की टीम इस दौर में जयपुर में राजस्थान के ख़िलाफ एलीट ग्रुप डी मुकाबला खेलेगी।

ऑस्ट्रेलिया दौरे से लौटने के बाद जायसवाल ने साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ 14 नवंबर से कोलकाता में शुरू होने वाली घरेलू टेस्ट सीरीज से पहले खुद को मैच फिट रखने की इच्छा जताई है। यह बीसीसीआई के उस निर्देश के अनुरूप है जिसमें सभी अनुबंधित खिलाड़ियों को उपलब्ध होने पर घरेलू प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने को कहा गया है।

सूत्रों के अनुसार, जायसवाल ने अपनी उपलब्धता मुंबई चयन समिति के अध्यक्ष संजय पाटिल को बता दी है। पाटिल और उनकी चयन समिति मंगलवार को समाप्त हो रहे वर्तमान दौर के बाद राजस्थान के ख़िलाफ मैच के लिए टीम का चयन करेंगे।

अगर जायसवाल खेलते हैं तो यह मई में टीम के प्रति पुनः प्रतिबद्धता जताने के बाद मुंबई के लिए उनकी वापसी होगी। उन्होंने पहले गोवा के लिए एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) मांगा था। उन्होंने आख़िरी बार मुंबई के लिए जम्मू-कश्मीर के ख़िलाफ़ बीकेसी ग्राउंड पर खेले गए ग्रुप मैच में हिस्सा लिया था। ये वही मैच था जिसमें रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद चर्चित रणजी वापसी की थी। जायसवाल की पिछली घरेलू उपस्थिति अगस्त में थी, जब उन्होंने बेंगलुरु में हुए दलीप ट्रॉफी में वेस्ट ज़ोन की ओर से खेला था।

मुंबई ने इस सीजन की शुरुआत जम्मू-कश्मीर के ख़िलाफ़ जीत से की थी, लेकिन छत्तीसगढ़ के ख़िलाफ घरेलू मैच में बारिश ने उन्हें निर्णायक जीत हासिल करने से रोक दिया।

 

Next Post

तुर्की की फुटबॉल लीग के सैकड़ों रेफरी सट्टेबाजी की जांच के घेरे में

Tue Oct 28 , 2025
अंकारा, 27 अक्टूबर (वार्ता) तुर्की फुटबॉल महासंघ (टीएफएफ) के अध्यक्ष इब्राहिम हासियोसमानोग्लू ने सोमवार को कहा कि तुर्की की पेशेवर फ़ुटबॉल लीग में काम करने वाले सैकड़ों रेफरी सट्टेबाजी की गतिविधियों में लिप्त पाए गए हैं। इस्तांबुल में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में, हासियोसमानोग्लू ने कहा कि उन्हें दंड के लिए […]

You May Like