स्कूटी की डिक्की में छिपाकर ला रही थी 10 लाख की ड्रग्स, 60 साल की महिला गिरफ्तार

उज्जैन। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ उज्जैन पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 लाख रुपए कीमत की 118 ग्राम MD ड्रग्स जब्त की है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दबिश और वाहन चेकिंग के दौरान एक 60 वर्षीय महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि गिरफ्तार महिला पहले भी मादक पदार्थ तस्करी के मामले में 10 साल की सजा काट चुकी है। पुलिस ने दोनों मामलों में दो स्कूटी भी जब्त की हैं।

स्कूटी की डिक्की में छिपा रखी थी MD ड्रग्स

पानबिहार पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम 11 नवंबर की देर रात गरोठ हाईवे के पास पानबिहार-बच्चूखेड़ा रोड पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान उज्जैन की ओर जा रही स्कूटी सवार महिला को रोककर तलाशी ली गई। स्कूटी की डिक्की से 100 ग्राम ड्रग्स मिली। इसकी कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई गई है। महिला की पहचान नजमा पति शब्बीर खान (60), निवासी आगर नाका, उज्जैन के रूप में हुई।

इंदौर में काट चुकी है 10 साल की सजा

पुलिस जांच में सामने आया कि महिला का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड है और वह इंदौर में NDPS एक्ट के मामले में 10 साल की सजा काट चुकी है। पूछताछ में उसने MD ड्रग्स ताल, जिला रतलाम निवासी नय्यूम खान से लाना बताया है। पुलिस अब सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

बिना नंबर की स्कूटी से मिला 18 ग्राम नशा

दूसरी कार्रवाई में जीवाजीगंज पुलिस ने 12 नवंबर को गढ़कालिका-विक्रांत भैरव मार्ग पर चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की एक्सेस स्कूटी को रोका। तलाशी में डिक्की से 18 ग्राम MD ड्रग्स बरामद हुई। पुलिस ने जूनासोमवारिया निवासी सईद खान को गिरफ्तार कर स्कूटी जब्त की। उसके खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/22 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों मामलों में कुल 118 ग्राम MD ड्रग्स और दो स्कूटी जब्त की गई हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशे की खेप कहां से लाई जा रही थी और शहर में किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जानी थी।

Next Post

राष्ट्रपति के हाथों राष्ट्रीय सम्मान लेकर लौटे महापौर

Thu Nov 12 , 2026
जबलपुर। स्वच्छता के क्षेत्र में देशभर में संस्कारधानी जबलपुर का गौरव बढ़ाकर महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के करकमलों से राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त करने के बाद महापौर जगत बहादुर सिंह ”अन्नू, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, तत्कालीन निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार एवं नवागत निगमायुक्त अग्रिम कुमार के जबलपुर आगमन पर डुमना […]

You May Like