नयी दिल्ली, 12 नवंबर (वार्ता) कांग्रेस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर परिसीमन के मुद्दे पर फिर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि सरकार संसद का तीन दिवसीय विशेष सत्र बुलाने की तैयारी कर रही है, लेकिन इस सत्र में भी परिसीमन संबंधी विधेयक पारित नहीं करा पायेगी।कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने गुरुवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि श्री शाह ने आज कुछ पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में दावा किया है कि विधेयक 15 से 18 मतों के अंतर से पारित हो जायेगा।
श्री रमेश ने कहा कि गृह मंत्री सात महीने पहले भी ऐसा ही दावा कर चुके हैं, लेकिन गत 17 अप्रैल को इस विधेयक पर लोकसभा में उन्हें 50 से अधिक मतों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था।
कांग्रेस नेता ने श्री शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि वह खोखले दावे और बड़ी-बड़ी बातें करते हैं। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री का बुलडोजर उस समय काम नहीं आया था और इस बार भी काम नहीं आयेगा।
