
इंदौर. लसूडिया क्षेत्र के निजी नर्मदा किरण अस्पताल में तीन दिन की बच्ची की मौत के मामले में चार महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी पुलिस यह पता नहीं लगा पाई है कि बच्ची के सिर में चोट कैसे लगी और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर किसी भारी वस्तु से चोट लगने या फर्श पर गिरने की आशंका जताई गई थी. इसके आधार पर पुलिस ने 8 अगस्त को अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ लापरवाही से मृत्यु कारित करने का मामला दर्ज किया था.
यह मामला हीरानगर निवासी मोनिका और अंबुज नामदेव की बेटी की मौत से जुड़ा है. मोनिका के मुताबिक, उन्होंने 29 जून को अस्पताल में बेटी को जन्म दिया था. 2 जुलाई को दोपहर तक बच्ची स्वस्थ थी और दूध भी पी रही थी. दोपहर करीब 3:30 बजे एक नर्स बीसीजी का टीका लगाने की बात कहकर बच्ची को ले गई. कुछ देर बाद जब वह उसे वापस लाई तो बच्ची में कोई हलचल नहीं थी. नर्स ने वैक्सीन के कारण दर्द होने की बात कहकर कुछ देर में ठीक होने का आश्वासन दिया, लेकिन रात तक बच्ची का शरीर नीला पड़ने लगा. डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. परिजनों की मांग पर 2 जुलाई को एमवाय अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया. करीब एक महीने आठ दिन बाद आई रिपोर्ट में सिर पर चोट को मौत से जुड़ा कारण बताया गया. मोनिका और अंबुज का कहना है कि उन्हें शुरुआत से ही बच्ची की मौत पर संदेह था. उनके आरोप के मुताबिक, मौत के बाद अस्पताल प्रशासन ने जल्दबाजी में उन्हें छुट्टी देकर शव ले जाने को कहा. दंपती ने यह भी आरोप लगाया कि बाद में अस्पताल की ओर से कई बार मामला वापस लेने के लिए संपर्क किया. मोनिका के अनुसार, घटना के समय डॉक्टर सुरेखा सोनी, डॉक्टर हिमानी, डॉक्टर योगेश प्रजापति सहित अन्य स्टाफ अस्पताल में मौजूद था. दंपती का कहना है कि वे अपनी बेटी को न्याय दिलाना चाहते हैं. एसीपी पराग सैनी ने बताया कि अस्पताल प्रशासन से जानकारी मांगी गई है. घटना स्थल पर सीसीटीवी कैमरे नहीं होने से बच्ची को चोट लगने की परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हो सकी हैं. बच्ची को टीका लगाने वाली नर्स की जानकारी भी अस्पताल प्रशासन ने अब तक पुलिस को उपलब्ध नहीं कराई है. मामले की जांच जारी है.
