
सिंगरौली । बरगवां से निगाही मोड़ तक फोरलेन सड़क की बदहाली अब वाहन चालकों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे दुर्घटनाओं को आमंत्रित कर रहे हैं।
सबसे खराब स्थिति निगाही से नौगई के बीच बनी हुई है, जहां सड़क की हालत देखकर यह सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर नियमित टोल वसूली के बावजूद मरम्मत की जिम्मेदारी कौन निभाएगा? टोल वसूली में कोई कोताही नहीं, लेकिन सड़क सुधारने के मामले में जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। इस सड़क के रखरखाव और मरम्मत का जिम्मा एमपीआरडीसी रीवा द्वारा उदित टोल प्लाजा बरगवां को सौंपे जाने की जानकारी है। इसके बावजूद आरोप है कि टोल प्लाजा ठेकेदार व्यावसायिक वाहनों से निर्धारित दरों पर नियमित टोल वसूल रहा है, लेकिन सड़क की मरम्मत कराने में लगातार उदासीनता बरत रहा है। बरगवां-परसौना मार्ग से प्रतिदिन करीब एक हजार मालवाहक वाहनों का आवागमन होता है। भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के बीच सड़क पर गड्ढे बढ़ते जा रहे हैं, लेकिन ठेकेदार की ओर से स्थायी सुधार के प्रयास नजर नहीं आ रहे। दुकानदारों के साथ-साथ रहवासियों ने एमपीआरडीसी के अधिकारियों के साथ के अलावा कलेक्टर का ध्यान आकृष्ट कराते हुये सड़क मरम्मत के कार्य कराए जाने की मांग की है।
नौगई में सड़क बनी हादसों का रास्ता
नौगई के अलावा टोल प्लाजा तेलदह और गड़ेरिया के आसपास भी सड़क क्षतिग्रस्त है। कई बार शिकायतें किए जाने के बावजूद गड्ढों को भरने की प्रभावी पहल नहीं हुई। कुछ दिन पूर्व गड़ेरिया-बरगवां मार्ग पर पैच मरम्मत जरूर कराई गई, लेकिन इससे पूरी सड़क की बदहाली दूर नहीं हो सकती। सवाल यह भी है कि जब अनुबंध के तहत नियमित रखरखाव, गड्ढों की मरम्मत और सड़क किनारे झाड़ियों की सफाई की जिम्मेदारी तय है, तो उसका पालन क्यों नहीं कराया जा रहा? स्थानीय नागरिकों ने अब सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग उठाई है। सवाल सीधा है कि जब वाहन चालकों से टोल वसूली नियमित हो रही है तो उन्हें सुरक्षित और गड्ढामुक्त सड़क क्यों नहीं मिल रही? कलेक्टर और एमपीआरडीसी के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कराकर ठेकेदार की जिम्मेदारी तय करनी चाहिए। केवल शिकायतों और खानापूर्ति वाली पैच मरम्मत से काम नहीं चलेगा।
एमपीआरडीसी की निगरानी पर भी सवाल
सड़क की दुर्दशा को लेकर एमपीआरडीसी रीवा की निगरानी व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है। आरोप लग रहे हैं कि विभाग ठेकेदार से निर्धारित शर्तों के मुताबिक काम कराने में नाकाम साबित हो रहा है। यहां तक कि ठेकेदार पर विभाग के दबाव में नहीं होने की चर्चाएं भी हैं। यदि ऐसा नहीं है तो फिर बार-बार शिकायतों के बावजूद मरम्मत कार्य में देरी क्यों हो रही है? गड्ढों से बचने के प्रयास में वाहन चालक कई बार अचानक दिशा बदलते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। वहीं क्षतिग्रस्त सड़क से उड़ती धूल आसपास के रहवासियों और दुकानदारों के लिए भी परेशानी का कारण बन रही है। धूल के कारण प्रदूषण बढ़ने की आशंका भी बनी हुई है।
