
सिंगरौली । शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था और सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग पर यातायात पुलिस ने सख्ती दिखाई है।
आज बुधवार को कॉलेज तिराहे से टॉकीज तक, तुलसी मार्ग, सराफा तिराहा, बस स्टैंड और अंबेडकर चौराहा सहित बाजार क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क किनारे एवं सार्वजनिक मार्गों पर बेतरतीब खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों को व्यवस्थित कराया गया तथा नियमों की अनदेखी करने वाले 24 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य सड़क पर लगने वाले जाम, आवागमन में बाधा और अव्यवस्थित पार्किंग से होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना था। पुलिस ने वाहन चालकों को समझाइश देते हुए निर्धारित एवं सुरक्षित स्थानों पर ही वाहन खड़े करने की हिदायत दी।
