टीवीएस ने मिलान मोटरसाइकिल प्रदर्शनी में चार नये वाहन उतारे

नयी दिल्ली/मिलान,11 नवंबर (वार्ता) दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी टीवीएस मोटर ने इटली के मिलान में आयोजित दुपहिया वाहन प्रदर्शनी ईआईसीएमए-2026 में यूरोपीय ग्राहकों के लिए विकसित और उत्पादन के लिए तैयार चार वाहन मॉडल पेश करते हुए इस विकसित बाजार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत किया है।

कंपनी की बुधवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार इस आयोजन में ईआईसीएमए में पहली बार टीवीएस मोटर ने सैकड़ों आगंतुकों को अपने वाहनों की टेस्ट राइड करने का अवसर भी प्रदान किया। कंपनी के अंतरराष्ट्रीय कारोबार में यूरोप की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है।कंपनी विकसित बाजारों में अपनी उपस्थिति को मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है।

विज्ञप्ति के अनुसार यह रणनीति कंपनी के कुल राजस्व में अंतरराष्ट्रीय कारोबार का योगदान बढ़ाने के उद्देश्य को दर्शाती है। कंपनी का लक्ष्य 2030 तक कुल राजस्व में अंतरराष्ट्रीय कारोबार की हिस्सेदारी 40 प्रतिशत तक पहुंचाने की संभावना हासिल करना है।

टीवीएस मोटर कंपनी के इंटरनेशनल बिजनेस के प्रेसिडेंट पेयमान कारगर ने कहा, “यूरोप टीवीएस मोटर के लिए एक महत्वपूर्ण बाजार है और हमारी अंतरराष्ट्रीय विकास योजनाओं का एक प्रमुख हिस्सा है। इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, परफॉर्मेंस मोटरसाइकिल और प्रीमियम शहरी परिवहन के क्षेत्र में हमें यहां महत्वपूर्ण अवसर दिखाई देते हैं। इन बाजारों में सफलता हासिल करने के लिए केवल प्रतिस्पर्धी उत्पाद होना पर्याप्त नहीं है। इसके लिए ग्राहकों की जरूरतों की गहरी समझ, मजबूत स्थानीय क्रियान्वयन तथा एक सुदृढ़ वितरण और सर्विस नेटवर्क आवश्यक है।”

उन्होंने कहा ” पिछले एक वर्ष के दौरान हमने अपने वितरण नेटवर्क को मजबूत करने, डीलर और सर्विस क्षमताओं को विकसित करने तथा यूरोपीय ग्राहकों की राइडिंग आवश्यकताओं के अनुरूप उत्पाद पोर्टफोलियो तैयार करने पर ध्यान केंद्रित किया है। यूरोप में अपनी उपस्थिति को लगातार मजबूत करते हुए हमारा ध्यान ग्राहकों तक टीवीएस ब्रांड की पहुंच बढ़ाने, उनके साथ जुड़ाव को गहरा करने और गुणवत्ता, प्रौद्योगिकी तथा बेहतर ग्राहक अनुभव का संयोजन प्रदान करने वाले उत्पाद उपलब्ध कराने पर केंद्रित है।”

तीन दशकों से अधिक का अंतरराष्ट्रीय ऑटोमोटिव नेतृत्व का अनुभव रखने वाले पेयमान कारगर को टीवीएस मोटर कंपनी का निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति 27 जनवरी 2027 से प्रभावी होगी। वह के. एन. राधाकृष्णन का स्थान लेंगे।

टीवीएस मोटर का इटली में रिटेल नेटवर्क अब 100 से अधिक रिटेलर्स तक पहुंच गया है। पिछले एक वर्ष के दौरान इटली में कंपनी की बिक्री में 110 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

Next Post

चीनी, गेहूं नरम, चावल कड़क, दालों और खाद्य तेलों में घट-बढ़

Wed Nov 11 , 2026
नयी दिल्ली, 11 नवंबर (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में बुधवार को चीनी के दाम घट गए। चीनी के साथ गेहूं में भी नरमी रही। चावल के दाम बढ़ गए जबकि खाद्य तेलों और दालों में घट-बढ़ का रुख देखा गया। मीठे के थोक बाजार में चीनी की औसत कीमत […]

You May Like