
इंदौर. बाणगंगा थाना क्षेत्र के अवंतिका नगर में सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकत करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने संबंधित व्यक्ति की पहचान कर ली है. वीडियो में नजर आ रहे व्यक्ति की पहचान आकाश कुशवाह के रूप में हुई है. पुलिस अब उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में एक व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर महिलाओं और राहगीरों के बीच अश्लील हरकत करता नजर आ रहा था. वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर नाराजगी जताई गई थी. मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने वीडियो की जांच शुरू की. जांच में घटना का संबंध बाणगंगा थाना क्षेत्र के अवंतिका नगर से सामने आया. इसके बाद तकनीकी जानकारी और अन्य तथ्यों के आधार पर वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान की गई. पहचान सामने आने के बाद बाणगंगा पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं. उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. मामले में एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर अश्लील हरकत करने और सामाजिक मर्यादा भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, वीडियो की जांच के बाद संबंधित व्यक्ति की पहचान की गई है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें प्रयास कर रही हैं. आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.
