
इंदौर. पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के प्रस्तावित म्यूजिक शो को लेकर आयोजक आज पुलिस विभाग को अनुमति के लिए आधिकारिक आवेदन देंगे. इसके बाद वरिष्ठ अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था और आयोजन से जुड़े नियमों की समीक्षा कर निर्णय लेंगे. उधर, शहर के विभिन्न स्कूलों को मिले फर्जी बम धमकी के ईमेल की जांच में क्राइम ब्रांच को शुरुआती तौर पर वीपीएन के इस्तेमाल की जानकारी मिली है.
आयोजकों की ओर से अब तक पुलिस को औपचारिक आवेदन नहीं दिया था. अधिकारियों से चर्चा के बाद आज आवेदन देने की बात कही है. इसमें आयोजन स्थल, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधिकारी अनुमति पर फैसला लेंगे. दूसरी ओर, स्कूलों को धमकी भरे ईमेल भेजने के मामले में क्राइम ब्रांच की साइबर टीम तकनीकी साक्ष्य जुटा रही है. शुरुआती जांच में ईमेल भेजने वाले द्वारा अपनी पहचान छिपाने के लिए वीपीएन का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है. टीम ईमेल हेडर, सर्वर डिटेल और आईपी एड्रेस की फॉरेंसिक पड़ताल कर ईमेल भेजने वाले तक पहुंचने का प्रयास कर रही है. एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि दिलजीत दोसांझ के शो के लिए आवेदन मिलने के बाद सुरक्षा संबंधी पहलुओं की समीक्षा कर निर्णय लिया जाएगा, वहीं, स्कूलों को मिले धमकी भरे ईमेल की जांच क्राइम ब्रांच कर रही है. तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं.
