
सीधी। जिले की चौकी सिहावल पुलिस ने घेराबंदी कर 12 ऑनरेक्स नशीली कफ सिरप के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को जेल निरुद्ध किया गया। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी के मार्गदर्शन में जिले में अवैध मादक पदार्थों एवं नशीली दवाओं के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में थाना प्रभारी अमिलिया के नेतृत्व में चौकी प्रभारी सिहावल उप निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह बघेल पुलिस बल एवं गवाहों के साथ क्षेत्र भ्रमण एवं वैधानिक कार्रवाई के दौरान रवाना हुए थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम गेरुआ में गैस एजेंसी के पास एक व्यक्ति नशीली कफ सिरप बिक्री करने की फिराक में ग्राहकों का इंतजार कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर संदिग्ध व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस टीम ने तत्परता से पकड़ लिया। पूंछताछ में उसने अपना नाम सज्जन सिंह परिहार पिता भाईलाल सिंह निवासी ग्राम सिहावल बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 12 शीशी ऑनरेक्स नशीली कफ सिरप बरामद की गईं। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार उसे जेल भेज दिया गया।
