विदिशा। भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा के किसानों पर दिए गए कथित आपत्तिजनक बयान को लेकर विदिशा में कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। माधवगंज चौराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सांसद का पुतला दहन कर भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि सांसद जनार्दन मिश्रा ने किसानों को नशेड़ी और गांजा पीने वाला बताकर अन्नदाताओं का अपमान किया है। इस बयान से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया और सांसद के बयान की निंदा की।
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित रघुवंशी सहित किसान कांग्रेस के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसानों का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
