सैन फ्रांसिस्को, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के अत्यधिक भरोसे पर अपने कर्मचारियों की छंटनी करने वाली ग्लोबल कंपनियों के लिए अब मुश्किलें खड़ी होने लगी हैं। टैलेंट असेसमेंट फर्म SHL के एक नए अध्ययन के अनुसार, अमेरिका में लगभग पांच में से एक (20 फीसदी) कर्मचारी ने यह माना है कि नौकरी से निकाले जाने के बाद उनकी संबंधित कंपनी की तरफ से उन्हें दोबारा नौकरी पर लौटने का ऑफर दिया गया है। इस उभरते हुए ट्रेंड को “AI रिबाउंडिंग” का नाम दिया गया है, जो इस बात का स्पष्ट संकेत देता है कि शुरुआती जल्दबाजी में कंपनियों ने इंसानी अनुभव, निर्णय क्षमता और बिजनेस समझ की अहमियत को नजरअंदाज कर दिया था, जो केवल तकनीक के भरोसे संभव नहीं है।
सैलरी में मोटी बढ़ोतरी और जॉब सिक्योरिटी की लिखित गारंटी मांग रहे कर्मचारी, क्लार्ना और फोर्ड जैसी दिग्गज कंपनियों ने भी पलटा फैसला
नौकरी पर दोबारा वापस लौटने वाले कर्मचारियों ने अपनी शर्तों पर वापसी करनी शुरू कर दी है। सर्वे के मुताबिक, ऐसे 51% कर्मचारी वेतन में अच्छी-खासी बढ़ोतरी चाहते हैं, 42% भविष्य की जॉब सिक्योरिटी की लिखित गारंटी मांग रहे हैं और 40% यह पारदर्शिता चाहते हैं कि उनके कार्यक्षेत्र में AI का उपयोग किस हद तक किया जाएगा। स्वीडिश फिनटेक कंपनी क्लार्ना और ऑटोमोबाइल दिग्गज फोर्ड ने भी एआई आधारित टूल्स और चैटबॉट्स पर शुरुआती अंधाधुंध भरोसे के बाद अपने फैसले में संशोधन किया है। फोर्ड ने हाल ही में जटिल क्वालिटी कंट्रोल और डिजाइन की गहरी समझ के लिए अनुभवी इंजीनियरों को फिर से काम पर रखा है, क्योंकि केवल AI से गुणवत्ता के मानकों को पूरा करना संभव नहीं हो पा रहा था।
एक तरफ छंटनी का आंकड़ा बढ़ा, तो दूसरी तरफ युवाओं के लिए ‘AI रिबाउंडिंग’ बनी नई उम्मीद की किरण
भले ही आउटप्लेसमेंट फर्म ‘चैलेंजर, ग्रे एंड क्रिसमस’ के आंकड़ों के मुताबिक इस साल कंपनियों ने AI के नाम पर नौकरियों में भारी कटौती की है और स्टैनफोर्ड डिजिटल इकोनॉमी लैब की रिपोर्ट बताती है कि 22 से 25 साल के युवा श्रमिक इससे सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं, लेकिन ‘AI रिबाउंडिंग’ का यह दौर एक राहत की खबर भी लेकर आया है। SHL के अध्ययन के अनुसार, 18 से 24 वर्ष की आयु वर्ग के युवा कर्मचारियों को उनकी चुस्त कार्यशैली और डिजिटल दक्षता के चलते दोबारा हायर किए जाने की संभावना सबसे अधिक रही है। इससे यह साफ जाहिर होता है कि भविष्य के वर्कप्लेस में AI इंसानी विकल्प नहीं, बल्कि इंसानी कौशल का पूरक बनकर ही प्रभावी साबित हो सकता है।

