खाना खाते वक्त दो मंजिला कच्चा मकान जमीदोज 

सिंगरौली । बरहपान में बीती रात हुये हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की अकाल मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। हादसे का कारण दो मंजिला मकान वजन नही सह पाया और पिछले सप्ताह हुई बारिश के चलते दिवाल में नमी आ गई थी।

दरअसल सोमवार की रात के समय कोतवाली क्षेत्र बैढ़न के बरहपान गांव में उस समय चीख-पुकार मच गई जब एक विश्वकर्मा परिवार का दो मंजिला कच्चा मकान जमीदोज हो गया। मकान के जद में आए एक ही परिवार के अरूण विश्वकर्मा पिता सुदर्शन विश्वकर्मा उम्र 36 वर्ष, संतुलिया पति सुदर्शन उम्र 65 वर्ष

एवं पुष्पा पिता अरूण विश्वकर्मा उम्र 1 वर्ष की मलवे के नीचे दबने से मौत हो गई। जबकि बेलावती पति अरूण विश्वकर्मा, आकृति, अतुल, अदिती पिता अरूण विश्वकर्मा एवं सुदर्शन विश्वकर्मा उम्र 70 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गये, जिनका इलाज जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर के बाद सिंगरौली हॉस्पिटल बैढ़न में चल रहा है। इधर घटना की खबर मिलते ही रात में ही विधायक रामनिवास शाह अस्पताल पहुंच मृतक के परिजनों एवं घायलों से मिलकर ढाढ़स बंधाया और इस दौरान विधायक ने घायलो को बेहतर इलाज करने के लिए चिकित्सको को निर्देशित किया। सुबह फिर विधायक अस्पताल पहुंच मरीजो का हालचाल जाना। कुछ देर बाद सांसद डॉ. राजेश मिश्रा भी पहुंचे। उधर घटना के कारणों के बारे में अभी स्थिति स्पष्ट नही हो पा रही है, लेकिन ग्रामीणों की बात माने तो मकान दो मंजिला था और पूर्व में हुई बारिश के चलते दिवाल में नमी आ गई थी, जिसके चलते मकान वजन नही सह पाया और भरभरा कर जमीदोज हो गया, जिस वक्त यह हादसा हुआ है, उस दौरान बच्चों को छोड़कर अरूण एवं उनकी मॉ तथा पिता खाना खा रहे थे, तभी हृदय विदारक हादसा हो गया। हादसे के बाद पोस्टमार्टम के लिए शव को जिला चिकित्सालय लाया गया, पीएम उपरांत शव को लेकर श्मसान घाट बरहपान पहुंचे, तीनों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान तीन चिताएं देखकर सभी की ऑखे नम हो गई ।

मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख की सहायता

ग्राम पंचायत बरहपान में बीती रात कच्चा मकान ढहने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत और चार लोगों के घायल होने की हृदयविदारक घटना के बाद जनप्रतिनिधियों ने पीड़ि़त परिवार से मुलाकात की। आज मंगलवार को सीधी-सिंगरौली लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह एवं भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह बैढ़न स्थित जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। यहां उन्होंने पीड़ि़त परिजनों से भेंट कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा घायलों के उपचार एवं स्वास्थ्य की जानकारी ली। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। जनप्रतिनिधियों ने दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद का भरोसा देते हुये मृतक के आश्रितो को एक-एक लाख एवं घायलो को 25-25 हजार रूपये का चेक दिया गया।

मलबे में भी नातिन को सीने में लगाए रही दादी

बरहपान में बीते सोमवार की रात दो मंजिला कच्चा मकान ढहने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। इस दर्दनाक हादसे का सबसे मार्मिक दृश्य उस समय सामने आया, जब मलबे में रेस्क्यू के दौरान दादी और उसकी डेढ़ वर्षीय मासूम नातिन पुष्पा का शव एक-दूसरे से लिपटा मिला। पुलिस के अनुसार हादसे के वक्त दादी ने अपनी नन्ही नातिन को सीने से लगा रखा था। मौत सामने खड़ी थी, लेकिन दादी की बाहों का सुरक्षा घेरा आखिरी सांस तक नहीं टूटा। जिंदगी की जंग में दोनों हार गए, लेकिन दादी की ममता का वह दृश्य हर किसी के दिल को छू गया। मलबे के नीचे दादी और मासूम की बेजान देह को एक साथ देखकर रेस्क्यू में जुटे लोगों सहित मौके पर मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं।

विधायक पहुंचे अस्पताल,घायलों का जाना हाल

कोतवाली थाना क्षेत्र बैढ़न के ग्राम बरहपान में मकान गिरने की दर्दनाक घटना में विश्वकर्मा परिवार के तीन सदस्यों की असामयिक मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। घायलों का जिला अस्पताल सह ट्रॉमा सेंटर एवं सिंगरौली हॉस्पिटल बैढ़न में उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह जिला अस्पताल सह ट्रॉमा सेंटर और सिंगरौली हॉस्पिटल पहुंचे। उन्होंने उपचाररत घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य और इलाज की जानकारी ली। साथ ही मृतकों के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने तथा पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इनका कहना:-

बरहपान में कच्चा मकान के गिरने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई है और चार लोग घायल हो गये हंैं। घायलो का उपचार जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर में चल रहा है। रेस्क्यू में पुलिस के साथ-साथ ग्रामीणों की भूमिका सराहनीय रही है। घर के समीप खेतो में होने से मकान जीर्ण-शीर्ण होने के कारण गिर पड़ा।

हेमंत कुमार

सीएसपी, विंध्यनगर

Next Post

रीवा में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, कई आधुनिक सेंटर शुरू

Tue Nov 10 , 2026
रीवा। रीवा में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए कई नई सुविधाएं शुरू की गई हैं। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने संजय गांधी, जीएमएच और सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में इन सुविधाओं का लोकार्पण किया। संजय गांधी अस्पताल में साढ़े छह करोड़ रुपए की लागत से नेट मशीन शुरू की […]

You May Like