
चितरंगी । विकासखंड चितरंगी में मातृ स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान कई स्वास्थ्यकर्मियों की लापरवाही सामने आने पर सीएमएचओ ने कड़ा रुख अपनाया।
सीबीएमओ दफ्तर के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं के चिन्हांकन, उपचार और निगरानी की सेक्टरवार समीक्षा की गई। बैठक में जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी, एएनएमए सीएचओ तथा सेक्टर सुपरवाइजर मौजूद रहे। अनमोल पोर्टल के आधार पर 1 अप्रैल से 4 जुलाई तक की प्रगति की समीक्षा में कई उप स्वास्थ्य केंद्रों का कार्य असंतोषजनक पाया गया। इस पर सीएमएचओ ने उप स्वास्थ्य केंद्र कर्थुआ की एएनएम उर्मिला रावत, झोखो की अनुराधा मिश्रा एवं सीएचओ प्रतिभा रोहित का 15-15 दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। बैठक में अनुपस्थित रहने और कार्य में लापरवाही बरतने पर एएनएम सविता आर्मो एवं सीएचओ किरण सोनवंशी का एक सप्ताह का वेतन रोकने, वहीं करौंदिया की एएनएम आरती कोल का एक सप्ताह, खैरा के सीएचओ रोहित सिंह चौहान का 15 दिन तथा बगैया की एएनएम विमला सिंह का एक माह का वेतन रोकने के आदेश जारी किए गए। बगदरी की एएनएम सावित्री सिंह एवं सीएचओ सुनीता शाह तथा गोदवाली की एएनएम अंजू वर्मा एवं सीएचओ प्रियंका बैस का भी एक-एक सप्ताह का वेतन रोका गया।
गैरहाजिर स्वास्थ्य कर्मियो को चेतावनी पत्र जारी
समीक्षा के दौरान बैरदह सेक्टर मेडिकल ऑफिसर के बैठक से अनुपस्थित रहने पर चेतावनी पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं खिरवा उप स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव सेवाएं संचालित नहीं मिलने पर एएनएम बेला पनिका को एक माह के लिए सीएचसी मोरवा प्रशिक्षण पर भेजने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा दुधमनिया सेक्टर की प्रभारी पर्यवेक्षक लीलावती सिंह को तत्काल प्रभाव से हटाकर एमपीडब्ल्यू सूर्यमणि तिवारी को नया सेक्टर प्रभारी नियुक्त करने के निर्देश दिए गए।
