शिवपुरी। आतिशबाजी को लेकर कहासुनी और मारपीट की घटना देखने को मिली। यह मामला फिजिकल थाना क्षेत्र के करौंदी इलाके का है। यहां पर कुछ लोगों ने एक घर में घुसकर मारपीट की। घटना में महिलाओं के साथ मारपीट किए जाने का आरोप भी लगाया गया है।
जानकारी के मुताबिक बाबा खान नामक व्यक्ति और उसके बेटों ने क्षेत्र में रहने वाले बाथम परिवार के साथ मारपीट की है। घटना की सूचना मिलने के बाद लोग आक्रोशित हो गए और मारपीट करने वाले व्यक्ति के घर को घेर लिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा और समझाइश के बाद
सभी को शांत किया।
जब पुलिस मौके पर पहुंची तो लोगों ने बाबा आजम के घर को घेर रखा था। इसके बाद अधिकारियों ने लोगों को समझाया और बाबा खान और उसके बेटे सहित चार लोगों को अपने साथ थाने लेकर गई। हालांकि यह मामला यहीं शांत नहीं हुआ। इसके बाद लोगों की भीड़ ने फिजिकल थाने का घेराव कर दिया।
थाने के बाहर दिया धरना
इस घटना से नाराज लोगों को फिजिकल थाने के बाहर धरने पर बैठा हुआ देखा गया। लगभग डेढ़ घंटे तक लोग यही मांग करते रहे कि परिवार के साथ मारपीट करने वाले लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनकी तत्काल गिरफ्तारी की जानी चाहिए। इसी के साथ उनका जुलूस निकालने और उनके मकानों को तोड़कर कॉलोनी से हटाने की मांग भी की गई है।
19 साल का आदित्य अपने घर के बाहर पटाखे फोड़ रहा था। इस दौरान बाबा खान ने आतिशबाजी का मना करते हुए गाली गलौज करना शुरू कर दी। यह कहा जा रहा है कि बाद में उसने अपने बेटे और दोस्तों को बुला लिया। इसके बाद सभी ने घर में घुसकर मारपीट की। जब महिलाएं बीच बचाव करने आईं तो उनके साथ भी मारपीट हुई। इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
