इंदौर. शहर का दीपावली पर प्रदूषण लेवल खतरनाक स्तर पर पहुंच गया. रात 1 बजे इंदौर का एयर क्वालिटी इंडेक्स लेवल 17 सौ को पार कर गया, जो देश में दूसरे नंबर पर है. खास बात यह है कि यह लेवल एक व्यक्ति द्वारा एक दिन में 130 सिगरेट पीने के बराबर प्रदूषित हवा है. इंदौर में प्रदूषित हवा का उक्त स्तर सैटेलाइट की गणना के अनुसार है, क्योंकि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पास 5 सौ तक गणना की ही क्षमता है.
इंदौर स्वच्छता के साथ प्रदूषित हवा में भी अव्वल बनता जा रहा है. रविवार दीपावली की रात इंदौर में प्रदूषित हवा के मामले में दिल्ली के बाद देश में दूसरे नंबर पर रहा. रविवार रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक शहर में खतरनाक प्रदूषित हवा रही है. स्थिति यह थी कि 15 फीट दूरी से भी साफ नजर नहीं आ रहा था. साथ ही हवा भी नहीं चलने के कारण प्रदूषण स्थिर अवस्था में था. ध्यान देने वाली बात यह है कि दीपावली खुशियों के त्यौहार है, लेकिन खुशियों के साथ हवा इतनी ज्यादा प्रदूषित होना घातक है. कल रात एक बजे सैटेलाइट गणना के अनुसार इंदौर का एयर मलिटी इंडेक्स 1708 स्तर का मापा गया है. उक्त स्तर देश में सबसे ज्यादा दिल्ली 2200 के बाद दूसरे नंबर पर है, जो मुम्बई, कोलकाता ,चेन्नई, हैदराबाद, बंगलुरू, अहमदाबाद, सूरत, जयपुर जैसे इंदौर से बड़े शहरों से भी ज्यादा है. प्रदूषित हवा की गणना दूसरे तरीके से यूं की जा सकती है कि एक व्यक्ति द्वारा एक दिन में करीब 130 सिगरेट पीने के बराबर ऑक्सीजन में प्रदूषण था. बताया जाता है कि देश में केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पास 500 तक गणना करने की क्षमता के यंत्र है.
चार सौ लेवल पार होना खतरनाक
जानकारी के अनुसार हवा की शुद्धता की गणना में 400 सौ का एक्यूआई लेवल क्रॉस होना घातक और खतरनाक लेवल माना जाता है. कल रात इंदौर में तापमान भी कम था और हवा नहीं चलने से भी एक्यूआई लेवल बढ़ाने में एक कारण माना जा रहा है. इससे बढ़कर प्रदूषण अनियंत्रित होने का बड़ा कारण है, पेड़ों की कटाई. शहर में लाखों की संख्या में पिछले 15 से 20 सालों में सीमेंटीकरण से लेकर सड़क चौड़ीकरण और अन्य विकास कार्यों के लिए पेड़ों की बलि ली गई है. उपरोक्त तीनों कारण से इंदौर प्रदूषित हवा के मामले में दूसरे नंबर पर पहुंच गया है.
कोर्ट के आदेशों का पालन नहीं
ध्यान रहे कि सुप्रीम कोर्ट ने प्रदूषण नियंत्रण के लिए पूरे देश में दिवाली पर रात 10 बजे और अधिकतम 12 बजे तक पटाखे जलाने के आदेश दिए है. उक्त आदेश का पालन प्रशासन द्वारा नहीं कराया जाता है और परिणाम स्वरूप जनता रातभर पटाखे जलाती है. इंदौर में भी रात 10 बजे से लेकर सुबह 5 बजे के बीच रात 1 बजे ही एक्यूआई लेवल 1708 के खतरनाक स्तर पर पहुंचा है.
कहते है एक्सपर्ट
शहर के पर्यावरणविद और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पूर्व अधिकारी डॉ. दिलीप वाघेला कहते है कि इंदौर बहुत गंभीर स्थिति में है. एक्यूआई लेवल 4 सौ पार जाना ही बड़ा घातक और खतरनाक माना जाता है. 1708 गणना सैटेलाइट का गणना है, जो कि मानव जीवन के लिए बहुत ज्यादा गंभीर और जानलेवा है. मौसमी प्रभाव भी एक्यूआई लेवल बढ़ाने का काम करता है, जैसे कल रात तापमान 19 डिग्री के आसपास ही था और हवा रुकी हुई थी. शहर में पेड़ों की अंधाधुंध कटाई की इंदौर में प्रदूषित हवा बढ़ाने में सहायक है.
इनके लिए सबसे ज्यादा खतरनाक
प्रदूषित हवा से सबसे ज्यादा परेशानी और समस्या अस्थमा के मरीज, बुजुर्ग एवं 10 से छोटे बच्चों को होती है. प्रदूषित हवा से बच्चों और बुजुर्गों को सांस लेने में दिक्कत और सर्दी , जुकाम एवं फेफड़ों से संबंधित बीमारी होने संभावना हो जाती है. कई बार उपरोक्त बीमारी से ग्रसित व्यक्ति के लिए जानलेवा भी बन जाती है प्रदूषित हवा.
दस प्रतिशत मरीज प्रभावित…
फिजिशियन एवं चेस्ट रोग विशेषज्ञ डॉ. संजय लौंढे ने कहा कि धूल, धुएं और तापमान में कमी आने के कारण एलर्जी और अस्थमा के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है. उस पर त्योहार पर खाए जाने वाले बाजार के खाद्य पदार्थों की भी एलर्जी पैदा करने में सक्रिय भागीदारी है. ऐसे मौसम और प्रदूषण के बीच शहर की आबादी के अनुपात में एलर्जी और अस्थमा के मरीजों में करीब 10 प्रतिशत तक वृद्धि संभव है. प्रभावित लोगों को छींक आने और सांस लेने में तकलीफ जैसी समस्याएं हो सकती हैं
