मूँदी में दो जगह लगी भीषण आग, मोबाइल दुकान में 10 लाख से अधिक का नुकसान

मूँदी। दीपावली की खुशियों के बीच नगर में आगजनी की दो अलग-अलग घटनाओं ने हडक़ंप मचा दिया। दिवाली की रात सुभाष चौक स्थित मोबाइल दुकान और अटल चौक स्थित यज्ञशाला में अचानक आग लग गई। दोनों घटनाओं में फायर ब्रिगेड ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। वहीं स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में भरपूर सहयोग किया। घटनाओं के दौरान दोनों स्थानों पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई थी।

पहली घटना सुभाष चौक स्थित श्याम मोबाइल दुकान की है, जहां दुकान की दूसरी मंजिल पर अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान में रखे मोबाइल सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की चपेट में आने से दुकान का लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस घटना में 10 लाख रुपये से अधिक का नुकसान बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।वहीं दूसरी घटना अटल चौक स्थित यज्ञशाला में हुई, जहां अज्ञात कारणों से आग लग गई। कुछ समय पूर्व अटल चौक पर शतचंडी यज्ञ का आयोजन किया गया था, जिसके बाद यहां यज्ञशाला का निर्माण कराया गया था। हालांकि आग लगने के दौरान यज्ञशाला खाली थी, जिसके चलते यहां ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई।

सुबह विधायक पहुंचे, सर्वे कर मुआवजे के निर्देश

मोबाइल दुकान में आगजनी की घटना की जानकारी मिलने पर सुबह मांधाता विधायक नारायण पटेल एवं सांसद प्रतिनिधि चंद्रमोहन राठौर मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और पीड़ित व्यवसायी से मुलाकात कर घटना की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान विधायक ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल नुकसान का सर्वे कराकर नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए, ताकि आगजनी से प्रभावित व्यवसायी को आर्थिक राहत मिल सके।दीपावली की रात नगर में एक के बाद एक हुई आगजनी की इन घटनाओं से लोगों में चिंता का माहौल रहा। गनीमत रही कि दोनों घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई।

Next Post

नवजीवन विहार सेक्टर-3 के पास तेज रफ्तार पल्सर बाइक बिजली के खंभे से टकराई

Mon Nov 9 , 2026
सिंगरौली। नवजीवन विहार सेक्टर नंबर-3 के पास तेज रफ्तार पल्सर बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के बीच लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से डायल 112 को […]

You May Like