रीवा के अतरैला थाना क्षेत्र में मवेशी व्यापारी की हत्या कर शव दफनाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपियों तक पुलिस पहुंच गई है। बताया जा रहा है कि आज अतरैला पुलिस इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर सकती है।
चंद रुपयों की लालच में बन गए हत्यारे
सूत्रों के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी अभी जवानी की दहलीज पर ही कदम रख रहे थे। चंद रुपयों की लालच में उन्होंने ऐसा खौफनाक अपराध कर डाला, जिसने पूरे इलाके को हिला दिया। पुलिस की जांच में सामने आया है कि लूट के इरादे से ही व्यापारी को निशाना बनाया गया था।
कैसे हुआ था हत्याकांड?
बकरी व्यापारी 60 वर्षीय लाखू (लक्खू) चिकवा चौखंडी गांव के रहने वाले थे। वे बकरी के व्यापार के सिलसिले में चांद गांव जाने के लिए घर से निकले थे। इसके बाद वे लापता हो गए। परिजनों ने तलाश की तो उनकी बाइक सड़क किनारे झाड़ियों में मिली और पास में ताजी मिट्टी दिखाई दी।
जांच करने पर बौलिया घाट से चांद रोड के बीच करीब 6 फीट गहरे गड्ढे में उनका शव दफन मिला था। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी और परिजनों व ग्रामीणों ने देर रात तक चक्काजाम किया था।
पुलिस की जांच में मिली बड़ी सफलता
घटना के बाद से ही अतरैला थाना पुलिस, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच में लगी थी। पुलिस ने घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और मुखबिरों की सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
डभौरा एसडीओपी नारायण कुम्हारे के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पूछताछ में वारदात की बात कबूल भी कर ली है।
आज हो सकता है सनसनीखेज खुलासा
आज अतरैला पुलिस इस मामले का विधिवत खुलासा कर सकती है। पुलिस आरोपियों के नाम, हत्या की वजह, लूट की रकम और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों के बारे में जानकारी दे सकती है। पूरे रीवा को इस खुलासे का इंतजार है।
