अग्निकांड़ में दो माह के मासूम समेत 6 लोगों की मौत


कटनी: दीपावली की खुशियों के बीच कटनी जिले के बरही में एक हृदयविदारक हादसा सामने आया। कटनी मार्ग स्थित पूरन अग्रवाल एवं रितेश अग्रवाल की क्राकरी दुकान में रविवार रात करीब 11:30 बजे अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान के ऊपर बनी तीन मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। इमारत के ऊपरी हिस्से में अग्रवाल परिवार के छह सदस्य सो रहे थे। इनमें दो माह का मासूम भी शामिल था।
जानकारी के मुताबिक, नीचे क्राकरी की दुकान संचालित थी और ऊपर परिवार निवास करता था। रात के समय अचानक लगी आग ने पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया। आग और धुएं के कारण परिवार के सदस्यों के बाहर निकलने का रास्ता मुश्किल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग अपने स्तर पर बचाव के प्रयास करते रहे।
घटना की गंभीरता के बावजूद नगर परिषद बरही की दमकल गाड़ी करीब एक घंटे की देरी से मौके पर पहुंची। बताया गया कि दमकल आग पर काबू पाने में सफल नहीं हो सकी और तीसरी मंजिल पर आग लगातार धधकती रही। इसके बाद कैमोर और विजयराघवगढ़ से दमकल वाहनों को बुलाने की कवायद शुरू हुई। रात करीब 1:56 बजे विजयराघवगढ़ से दमकल वाहन घटनास्थल पर पहुंचा।
हादसे के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हुए। स्थानीय जानकारी के अनुसार, रात पौने दो बजे तक मौके पर तहसीलदार, एसडीएम और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी नहीं पहुंच पाए थे। यहां तक कि अधिकारियों से संपर्क करने के प्रयास भी सफल नहीं हुए। घटनास्थल पर बरही पुलिस के दो कर्मचारी ही मौजूद बताए गए।

Next Post

मध्य प्रदेश में दीपावली की रात सिवनी और कटनी में दर्दनाक आगजनी, मकानों में सो रहे 12 लोगों की जिंदा जलकर मौत

Mon Nov 9 , 2026
सिवनी/कटनी,  मध्य प्रदेश में दीपावली की रात आग के तांडव से दो जिलों में भारी तबाही मच गई। सिवनी जिले के छपारा नगर के महावीर वार्ड में तड़के करीब 4 बजे सर्राफा व्यापारी कुंदन सोनी के मकान में अचानक भीषण आग भड़क उठी। हादसे के समय मकान में परिवार के […]

You May Like