भोपाल। राजधानी में साइबर ठग फर्जी लिंक और एपीके फाइल के जरिए लोगों के बैंक खातों में सेंध लगा रहे हैं। कोहेफिजा और हनुमानगंज थाना क्षेत्रों में सामने आए तीन मामलों में कुल 2 लाख 11 हजार रुपये की धोखाधड़ी की शिकायतें दर्ज हुई हैं। ठगों ने एक व्यक्ति को ई-चालान का फर्जी मैसेज भेजा, जबकि दूसरे मामले में एपीके फाइल के जरिए मोबाइल तक पहुंच बनाई।
कोहेफिजा निवासी राशिद मोहम्मद शेख (36) के मोबाइल पर 2 नवंबर को वाहन चालान से जुड़ा मैसेज आया था। उन्होंने मैसेज में दिए लिंक पर क्लिक कर चालान देखने की कोशिश की। इसके बाद उन्हें मोबाइल हैक होने का संदेह हुआ। इसी दौरान सुबह 11:12 बजे उनके एचडीएफसी बैंक खाते से गूगल-पे के जरिए 91 हजार रुपये निकल गए। पीड़ित के मुताबिक, उनके खाते से रकम निकालने के कई और प्रयास भी किए गए।
मिस्ड कॉल के बाद बंद हुआ मोबाइल
हनुमानगंज निवासी अजय राहुल (47) के साथ एपीके फाइल के जरिए 70 हजार रुपये की ठगी हुई। 29 अक्टूबर को उनके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से दो मिस्ड कॉल आए। वापस फोन करने पर सामने वाले ने गलत नंबर बताकर कॉल काट दिया। कुछ देर बाद उनका मोबाइल बंद हो गया और सिम बंद होने का मैसेज मिला। इसके बाद खाते से रकम निकल गई।
डर दिखाकर 50 हजार रुपये ठगने की शिकायत
एक अन्य शिकायतकर्ता हरीश मोटवानी ने ऑनलाइन धमकी देकर 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत की है। इस मामले में ठगी का तरीका स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस तीनों मामलों की जांच कर रही है।
