भोपाल। महज 6500 रुपये के कूलर की किश्त को लेकर हुए विवाद में युवक की जान चली गई। तलैया थाना क्षेत्र में मारपीट के बाद थाने में हार्ट अटैक से दम तोड़ने वाले कालू उर्फ माजिद कुरैशी के मामले में पुलिस ने घटना के छह दिन बाद दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ मारपीट और गैरइरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों को कालू की दिल की बीमारी के बारे में जानकारी थी, फिर भी उन्होंने उसके साथ मारपीट की।
इस्लामपुरा निवासी कालू ने गर्मियों में पड़ोस में रहने वाले आरिश कुरैशी और उसके चचेरे भाई आदिल कुरैशी से 6500 रुपये का कूलर किश्तों पर लिया था। बकाया रकम को लेकर एक नवंबर को दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि आरिश और आदिल ने कालू के साथ मारपीट की। इसके बाद कालू शिकायत लेकर तलैया थाने पहुंचा।
शाम करीब पांच बजे पुलिस उसकी शिकायत लिख रही थी, तभी अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे हार्ट अटैक आ गया। पुलिसकर्मी उसे अस्पताल ले जाने के लिए निकले, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने थाने के बाहर जताया था विरोध
घटना के बाद परिजन आरोपितों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। कार्रवाई में देरी से नाराज परिजनों ने शुक्रवार शाम तलैया थाने के सामने प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों चचेरे भाइयों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उन्हें जेल भेज दिया है।
